Charkhi Dadri News – सर्वजातीय अठगामा खाप की कार्यकारिणी की बैठक 15 नवंबर को परमानंद, पूर्व डीएफओ की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में खाप के संगठन को मजबूत करने, सामाजिक कार्यों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी 13 फरवरी 2027 को महाराजा सूरजमल की जन्म शताब्दी के अवसर पर प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम गांव खेड़ी सनसनवाल में होगा।
समारोह में सर्वजातीय अठगामा खाप के आठों गांवों के प्रतिभावान विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, सिविल सर्विस में उच्च पदों पर नियुक्ति प्राप्त करने वाले युवाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में प्रथम श्रेणी में प्रवेश पाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा शहीद जवानों की वीरांगनाओं और सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले महिला एवं पुरुषों को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।
बैठक में खाप को सभी के सहयोग से तन-मन-धन के साथ संगठित एवं मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ अभियान चलाने और प्रशासन के सहयोग से नशा मुक्ति अभियान को निरंतर जारी रखने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर खाप के उपप्रधान कुलदीप, राजेश, जगदीश, दिनेश गोठड़ा, सचिव करतार सिंह, ओमप्रकाश, पंच सूबेदार, अनार सिंह संतोखपुरा, सुमेर सिंह ऑडिटर, राजेंद्र, जय सिंह खजांची बलकरा, कर्मवीर, शेर सिंह घसोला, राजीव, पूर्व सरपंच कृष्ण कुमार रामनगर, जिले सिंह पूर्व सरपंच, जोगेंद्र, मुख्तार पातुवास, खाप संरक्षक धर्मपाल पूर्व अध्यक्ष, रामकुमार, रामफल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। इसके अलावा सरपंच प्रतिनिधि एडवोकेट भूपेंद्र कुमार तथा गांव खेड़ी सनसनवाल के करीब 25 से 30 सदस्य भी बैठक में शामिल हुए।
Read More News…..
