Charkhi Dadri News – मॉडल दादरी जिला बनाओ संगठन द्वारा विभिन्न ग्राम पंचायतों के तत्वावधान में गांव ऊण एवं बाढड़ा की अनाज मंडी में दो निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया गया। ये शिविर संगठन के 2224वें एवं 2225वें चिकित्सा शिविर रहे। इनका आयोजन मेदांता दी मेडिसिटी एवं अनमोल वेलफेयर ट्रस्ट के संयुक्त सहयोग से किया गया। शिविरों में आईक्यू हॉस्पिटल, आई केयर हॉस्पिटल तथा मेदांता दी मेडिसिटी की चिकित्सा टीमों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
शिविरों के दौरान ग्रामीणों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। मरीजों को निःशुल्क दवाइयां, ब्लड टेस्ट एवं आवश्यक चिकित्सा परामर्श उपलब्ध करवाया गया। विशेष रूप से बुखार, पीलिया, वायरल संक्रमण एवं अन्य सामान्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों को उपचार और दवाइयां प्रदान की गईं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अरविंदर मान ने की। मुख्य अतिथि के रूप में लंबरदार हरीश रावत एवं जितेंद्र कुमार उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर विजय रतन रंगा ने शिरकत की।
इस अवसर पर संगठन के युवा विंग के प्रधान अधिवक्ता डॉ. अनिल बलवान साहू ने कहा कि मॉडल दादरी जिला बनाओ संगठन अब तक लगभग 4700 सेवा भाव एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन कर चुका है। संगठन जल्द ही अपने ऐतिहासिक 5000 शिविरों के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में अग्रसर है।
अधिवक्ता साहू ने बताया कि संगठन ने चरखी दादरी को एक विकसित एवं सुविधायुक्त जिला बनाने के लिए पुनः हस्ताक्षर अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस अभियान के माध्यम से मेडिकल कॉलेज, खेल सुविधाएं, मिनी सचिवालय, आधारभूत संरचनाओं तथा चरखी दादरी में विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल चरखी दादरी को जिला बनवाना ही नहीं, बल्कि इसे प्रदेश के विकसित जिलों में शामिल करवाना है। जिस प्रकार गुरुग्राम एक प्रमुख औद्योगिक नगरी के रूप में विकसित हुआ है, उसी प्रकार चरखी दादरी को भी अपनी भौगोलिक एवं सामाजिक परिस्थितियों के अनुरूप विकास के नए आयाम स्थापित करने चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा की गई घोषणाओं को धरातल पर लागू करवाना संगठन की प्राथमिकता है। चरखी दादरी में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, खेल एवं औद्योगिक विकास की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए संगठन निरंतर प्रयासरत रहेगा।
इस मौके पर नवीन, आकाश, वीरेंद्र सिंह, पृथ्वी सिंह, विकास, सुंदर, संदीप, बलबीर सिंह, गज्जू, जितेंद्र, नवीन, प्रकाश, दिलू, प्रदीप, जितेंद्र सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
Read More News…..
CIA चरखी दादरी ने एक युवक को अवैध देशी पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस See More…
