Charkhi Dadri News – भिवानी में एसीबी की कार्रवाई, सांजरवास बिजली निगम में तैनात जूनियर इंजीनियर दीपक को रिश्वत लेते पकड़ा
भिवानी :- नया बिजली मीटर कनेक्शन लगवाने के बदले 24 हजार रुपये की रिश्वत मांगना दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) के जूनियर इंजीनियर को भारी पड़ गया। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एवं एसीबी) की टीम ने कार्रवाई करते हुए JE को 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक के रूप में हुई है, जो सांजरवास (दादरी) बिजली निगम में जूनियर इंजीनियर के पद पर तैनात है। आरोप है कि उसने गांव कायला निवासी एक व्यक्ति से नया बिजली मीटर कनेक्शन लगवाने की एवज में 24 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
नया मीटर कनेक्शन लगाने के लिए मांगी थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, गांव कायला निवासी शिकायतकर्ता ने एसवी एवं एसीबी को दी शिकायत में बताया कि जूनियर इंजीनियर दीपक उससे नया बिजली मीटर कनेक्शन लगवाने के बदले 24 हजार रुपये की मांग कर रहा है। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, जिसके चलते उसने इसकी सूचना एसीबी को दी।
एसीबी ने जाल बिछाकर JE को पकड़ा
शिकायत के आधार पर 17 नवंबर को थाना एसवी एवं एसीबी हिसार में आरोपी जूनियर इंजीनियर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद एसवी एवं एसीबी यूनिट भिवानी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी दीपक को शिकायतकर्ता से 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में एसीबी की ओर से आगे की जांच की जा रही है।
रिश्वत मांगने पर इन नंबरों पर दें सूचना
एसवी एवं एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो को दें।
इसके लिए नागरिक ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल एप के माध्यम से शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1064 और 1800-180-2022 तथा व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी सूचना दी जा सकती है।
ब्यूरो के अनुसार, शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। आमजन से बिना किसी डर के भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत करने की अपील की गई है।
Read More …..
चरखी दादरी में चोरों का आतंक! महिला को बेहोश कर घर से सोना-नकदी ले उड़े चोर…
