चरखी दादरी पहुंचे बाबा विकास गिरी महाराज ने सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों को दिया निमंत्रण, पंडित रोहतास पुजारी को बनाया अभियान का जिला प्रचारक
Charkhi Dadri News – गाय माता को राष्ट्रीय गाय माता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत आगामी 17 दिसंबर को चंडीगढ़ में विशाल संत सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में अधिक से अधिक गोभक्तों, गौ रक्षकों, गौशालाओं के पदाधिकारियों तथा सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जूना अखाड़े के हरियाणा प्रभारी एवं थानापति बाबा विकास गिरी महाराज चरखी दादरी पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने दिल्ली-रोहतक बाईपास स्थित श्री कृष्ण गौशाला में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और उन्हें संत सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
अभियान को संगठनात्मक मजबूती प्रदान करते हुए थानापति बाबा विकास गिरी महाराज ने सनातन धर्म प्रचार समिति के अध्यक्ष पंडित रोहतास पुजारी को ‘गाय माता राष्ट्रीय गाय माता आह्वान अभियान’ का जिला प्रचारक नियुक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि पंडित रोहतास पुजारी गोभक्तों एवं विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संगठनों को साथ लेकर अभियान को जिले के प्रत्येक गांव, शिक्षण संस्थान और जनसमूह तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन पंडित रोहतास पुजारी ने किया। इस अवसर पर श्री कृष्ण सेवा दल के प्रधान शिवकुमार गर्ग एवं महासचिव रामफल शर्मा ने बाबा विकास गिरी महाराज को लोई अर्पित कर, माल्यार्पण एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
बाबा विकास गिरी महाराज ने कहा कि गाय माता को राष्ट्रीय गाय माता का दर्जा दिलाना केवल किसी एक संगठन या संस्था का विषय नहीं, बल्कि समस्त समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए जन-जागरूकता और व्यापक जनसमर्थन आवश्यक है। उन्होंने गोभक्तों, गौ रक्षकों और गौशालाओं के पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे 17 दिसंबर को चंडीगढ़ में आयोजित संत सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अभियान को मजबूती प्रदान करें और हस्ताक्षर अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाएं।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के अर्चक विभाग के प्रतिनिधि सत्यनारायण शर्मा, विश्व हिंदू परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष जैन एडवोकेट, आचार्य महाब्राह्मण सभा के अध्यक्ष साधुराम, श्री कृष्ण वरिष्ठ नागरिक सेवा सदन के प्रतिनिधि राजेश कुमार, श्री श्याम मंदिर के पुजारी अमित शास्त्री, पूर्व ईटीओ चुन्नीलाल बंसल, हनुमान चालीसा संयोजक एवं हरियाणवी कलाकार मनीराम मस्ताना, विश्व हिंदू परिषद के प्रतिनिधि ज्ञानचंद शर्मा, रोहित पुजारी, विश्वेश्वर शर्मा, रामावतार सेन, प्रवीण शर्मा, कन्हैया गुर्जर एवं विक्रम स्वामी सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने गाय माता को राष्ट्रीय गाय माता का दर्जा दिलाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
नवनियुक्त जिला प्रचारक पंडित रोहतास पुजारी ने बाबा विकास गिरी महाराज का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि गोभक्तों और सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं को साथ लेकर इस अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। इसके तहत स्कूलों, कॉलेजों और गांवों में जनसंपर्क कर लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा तथा अधिक से अधिक हस्ताक्षर करवाकर हस्ताक्षर पत्र हरियाणा प्रभारी थानापति बाबा विकास गिरी महाराज को सौंपे जाएंगे।
बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और 17 दिसंबर को चंडीगढ़ में आयोजित संत सम्मेलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
Read More News….
