Charkhi Dadri News – जिले के गांव सांवड़ के मुख्य बस स्टैंड पर स्थित कौशिक टैंट हाउस में रात करीब 10 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से टैंट हाउस का काफी सामान जलकर राख हो गया।
हादसे में पिकअप डाला, मोटरसाइकिल, कुर्सियां, गद्दे सहित अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। टैंट हाउस संचालक के अनुसार इस घटना में करीब 30 से 40 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रारंभिक आशंका बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जताई जा रही है। टैंट हाउस के मालिक सुभाष कौशिक ने बताया कि रात करीब 10 बजे वे टैंट हाउस से सामान उतारकर घर चले गए थे।
कुछ समय बाद उनके पास फोन आया कि टैंट हाउस में आग लग गई है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि आग ने पूरे सामान को अपनी चपेट में ले लिया था। आसपास के ग्रामीणों ने मोटर चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार फैलती चली गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
सुभाष कौशिक ने बताया कि आगजनी की इस घटना में टैंट हाउस का लगभग पूरा सामान जल गया है, जिससे उनका वर्षों का कारोबार और मेहनत बुरी तरह प्रभावित हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन व सरकार से आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की, ताकि वे दोबारा अपना कारोबार शुरू कर परिवार की आजीविका सुचारू रूप से चला सकें।
Read More…
चरखी दादरी की 13 वर्षीय बच्ची को महामंडलेश्वर बनाने की तैयारी, गुरु से सुनिए पूरी कहानी
