Charkhi Dadri News – स्थानीय विद्या विहार शंकर कॉलोनी में चल रहे 10वें श्री गणेश जन्मोत्सव के आठवें दिन आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति, हास्य और भारतीय संस्कृति के रंगों से सराबोर रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीगणेश महाराज की संगीतमय आरती एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। पंडाल में गूंजे गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम के दौरान भिवानी से पहुंचे अमीत आर्ट ग्रुप के कलाकारों ने श्रीकृष्ण, रुकमणी एवं सत्यभामा के विवाह प्रसंग पर आधारित भावपूर्ण नाटिका प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक कथा से जोड़ा।
नाटिका के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन में रुकमणी और सत्यभामा के विशेष स्थान तथा दोनों विवाह प्रसंगों से जुड़ी कथाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। रुकमणी को विदर्भ के राजा भीष्मक की पुत्री तथा माता लक्ष्मी का स्वरूप बताते हुए श्रीकृष्ण के प्रति उनकी भक्ति और समर्पण का प्रसंग प्रस्तुत किया गया, वहीं सत्यभामा के चरित्र से जुड़े प्रसंगों ने भी दर्शकों को आकर्षित किया। कार्यक्रम में प्रस्तुत हास्य नाटिका ने पंडाल में खूब ठहाके लगवाए। दो व्यक्तियों के बीच विवाद में तीसरे व्यक्ति द्वारा समझौता करवाने का प्रयास करना उसी पर भारी पड़ जाता है। बीच-बचाव करने वाले की ही पिटाई और कपड़े फाड़े जाने के हास्यपूर्ण दृश्य ने दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर दिया।
नाटिका में महाबीर प्रसाद गुप्ता, रामौतार सर्राफ और पवन कान्होरिया ने प्रभावशाली अभिनय किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण थाली सजाओ प्रतियोगिता रही, जिसमें 17 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने रचनात्मकता और भारतीय परंपरा का सुंदर समन्वय प्रस्तुत करते हुए आकर्षक ढंग से थालियां सजाईं। प्रतियोगिता में उमा देवी ने प्रथम, नैना देवी ने द्वितीय तथा नमन एवं काव्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अन्य सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वृंदावन से पहुंचे प्रसिद्ध कथा वाचक मोहन श्याम पाराशर ने संगीतमय आध्यात्मिक प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, संस्कार और जीवन में ईश्वर के महत्व का संदेश दिया। उनके आध्यात्मिक प्रसंगों ने वातावरण को भक्तिरस से भर दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन पवन कान्होरिया ने किया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने धार्मिक प्रस्तुतियों का आनंद लेते हुए भारतीय संस्कृति, भक्ति और संस्कारों से जुड़े संदेशों को आत्मसात किया।
आज के आयोजन में संदीप फौगाट, रणवीर खानपुरिया, अर्जुन लाल भक्त, राजपाल फौगाट, रामौतार सरार्फ, सत्यवीर आईटीओ, प्रवीण मित्तल, कुलदीप दलाल, कृष्ण मकड़ानिया, संजय बंसल, सतीश बजाज, महाबीर प्रसाद गुप्ता, प्रकाश चंद समसपुरिया, हीरा लाल चरखी वाले, जयभगवान मित्तल, ललित कानेजर, दिनेश शास्त्री, सोनु मित्तल, सुधीर खुडानिया, साहिल गुप्ता, श्री भगवान, राजेश सोनी, शुभम, संदीप बिरही, कुलभूषण, रवि गुप्ता, दीपचंद पलवल, सोनम, रुचि, आशा, कुसुम, सीमा, ममता, हेमा, रीना इत्यादि अनेक उपस्थित थे।
Read More…
इमलोटा के सर्वोदय स्कूल को बच्चे क्यों कर रहे हैं पसंद? डॉक्टर बनने का सपना और खास बातचीत |
Charkhi Dadri News – मंडियों में बाजरा खरीद की तैयारियां पूरी रखें अधिकारी उपायुक्त मनदीप कौर

