Charkhi Dadri News – रावलधी दिल्ली बाईपास स्थित श्री कृष्ण गौशाला सेवा सदन में श्री कृष्ण सेवा दल द्वारा श्री श्याम मंदिर के नवनिर्मित भगत बैहराम दास सभागार में आयोजित श्री गणेश महोत्सव के दौरान श्रद्धा और आस्था का भावपूर्ण वातावरण देखने को मिला। पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेश कुमार ने सह परिवार पहुंचकर श्री गणेश महाराज की पूजा-अर्चना की तथा भगवान भोलेनाथ का विधिवत रुद्राभिषेक करवाया। पूजा-अर्चना के दौरान पंडित अमित शास्त्री ने वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ श्री गणेश महाराज का पूजन एवं भगवान शिव का रुद्राभिषेक संपन्न करवाया। मंत्रोच्चारण और धार्मिक वातावरण से पूरा सभागार भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर गणेश भक्ति के आध्यात्मिक स्वरूप को उजागर करते हुए बांझन को पुत्र देत, निर्धन को माया, अंधन को आंख देत, कोढि़न को काया जैसे पारंपरिक भक्ति भावों के माध्यम से भगवान गणेश की कृपा और लोक आस्था का संदेश दिया गया। वहीं जय गणेश देवा, माता तेरी पार्वती, पिता महादेवा के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेश कुमार ने कहा कि आध्यात्मिक दृष्टि से गणेश महोत्सव केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि जीवन में श्रद्धा, सद्बुद्धि, समृद्धि और सकारात्मक सोच को अपनाने का संदेश भी देता है। भगवान गणेश को विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता के रूप में स्मरण करते हुए श्रद्धालुओं ने परिवार, समाज और समस्त मानवता के कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान श्री कृष्ण सेवा दल के प्रधान शिव कुमार गर्ग, महासचिव रामफल शर्मा, नरेश गर्ग तथा अधिकार रक्षक रोहताश शर्मा ने पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेश कुमार को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। श्री कृष्ण सेवा दल के प्रधान शिव कुमार गर्ग एवं पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य केवल परंपराओं का निर्वहन करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ना भी है। गणेश जी की आराधना मनुष्य को शुभ कार्यों का संकल्प लेने और जीवन में सद्बुद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
Read more…
चरखी दादरी फतेहगढ़ गांव में भारी रोष राजकपूर के इंसाफ की मांग, भिवानी पुलिस-प्रशासन को चेतावनी |

