Charkhi Dadri News – जिला पुलिस अधीक्षक श्री लोगेश कुमार पी. (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशानुसार शनिवार को महिला थाना चरखी दादरी के प्रांगण में पुलिस कर्मचारियों और उनके परिवारजनों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य तथा समग्र कल्याण को प्राथमिकता देते हुए विशेष स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में ‘कल्याण आयुर्वेदा क्षार-सूत्र एवं पंचकर्म चिकित्सालय, चरखी दादरी’ की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एकता मलिक और उनकी विशेषज्ञ मेडिकल टीम ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर के दौरान डॉ. एकता मलिक एवं उनकी टीम द्वारा पुलिस कर्मियों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य की गहन नि:शुल्क जांच की गई। चिकित्सकों ने मुख्य रूप से जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों, तनाव प्रबंधन, जोड़ों के दर्द, पाचन तंत्र संबंधी समस्याओं और अन्य मौसमी बीमारियों पर परामर्श दिया। इस दौरान करीब 65 पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई।
आयुर्वेदिक चिकित्सा प्रणाली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए डॉक्टरों ने उपस्थित लोगों को प्राकृतिक दिनचर्या अपनाने, संतुलित आहार लेने तथा पंचकर्म जैसी प्राचीन और प्रभावी चिकित्सा पद्धतियों के लाभों के बारे में जागरूक किया। शिविर में आए लाभार्थियों को नि:शुल्क परामर्श के साथ-साथ आयुर्वेदिक औषधियों के प्रयोग और दैनिक जीवन में योग-प्राणायाम को शामिल करने की सलाह दी गई।
पुलिस वेलफेयर निरीक्षक शीला रानी ने बताया कि पुलिस बल के जवान अक्सर कठिन परिस्थितियों और लंबे समय तक ड्यूटी पर रहने के कारण अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर बैठते हैं। ऐसे में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर उनके शारीरिक और मानसिक संबल के लिए बेहद आवश्यक हैं।
इस अवसर पर वेलफेयर निरीक्षक शीला रानी, पुलिस लाइन प्रबंधक उपनिरीक्षक रामपाल, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र, विभागीय फार्मासिस्ट तथा अन्य पुलिस कर्मचारी व उनके परिवारजन मौजूद रहे। शिविर में आए सभी पुलिस कर्मियों और परिजनों ने पुलिस अधीक्षक श्री लोगेश कुमार पी. का आभार व्यक्त किया।
Read More News…
चरखी दादरी पुलिस के CIA स्टाफ ने 2 किलो चूरा पोस्त सहित See More…
Charkhi Dadri News – 2 किलो चूरा पोस्त सहित आरोपी गिरफ्तार, चरखी दादरी CIA की बड़ी कार्रवाई
