Charkhi Dadri News – डीएसपी कप्तान सिंह, लाइन अफसर उप निरीक्षक रामपाल सहित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” थीम के तहत चरखी दादरी पुलिस द्वारा पुलिस लाइन चरखी दादरी में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। खेल आयोजन का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों में शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्फूर्ति, अनुशासन, आपसी समन्वय एवं टीम भावना को बढ़ावा देना रहा। प्रतियोगिताओं में चरखी दादरी पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर खेल भावना का शानदार परिचय दिया।
पुलिस लाइन में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में रस्साकशी, बैडमिंटन एवं वालीबॉल सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। वर्दी में कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिसकर्मी जब खेल मैदान में उतरे तो उनके बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और जीत का जोश साफ दिखाई दिया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए अपनी शारीरिक क्षमता और टीमवर्क का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर डीएसपी कप्तान सिंह ने स्वयं उपस्थित रहकर पुलिस कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के लिए शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद आवश्यक है। पुलिसकर्मी दिन-रात कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध की रोकथाम तथा आमजन की सुरक्षा के लिए ड्यूटी करते हैं। ऐसे में खेल और व्यायाम उन्हें तनाव से दूर रखने के साथ-साथ कार्यक्षमता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, धैर्य, नेतृत्व, सहयोग और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करते हैं। पुलिस बल के लिए ये सभी गुण अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। खेलों के माध्यम से पुलिस कर्मचारियों के बीच बेहतर आपसी समन्वय एवं सौहार्द भी मजबूत होता है, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनके दैनिक कार्यों पर पड़ता है।
लाइन अफसर उप निरीक्षक रामपाल की देखरेख में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में पुलिस कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रस्साकशी प्रतियोगिता में टीम भावना और सामूहिक शक्ति का प्रदर्शन देखने को मिला, वहीं वालीबॉल के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल एवं खेल कौशल का परिचय दिया। बैडमिंटन प्रतियोगिता में भी पुलिस कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने पुलिस कर्मचारियों को अपनी नियमित ड्यूटी से अलग हटकर स्वस्थ एवं सकारात्मक माहौल में एक-दूसरे के साथ समय बिताने और खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान किया।
पुलिस अधीक्षक चरखी दादरी लोगेश कुमार पी., IPS के निर्देशानुसार आयोजित इस खेल आयोजन का संदेश स्पष्ट रहा कि फिट पुलिस बल ही मजबूत पुलिस बल है। चरखी दादरी पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के साथ-साथ अपने कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति भी पूरी तरह सजग है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के साथ पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का और अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकते हैं।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं ने पुलिस लाइन में उत्साह, उमंग और खेल भावना का माहौल बना दिया। कार्यक्रम के माध्यम से चरखी दादरी पुलिस ने “स्वस्थ पुलिस, सशक्त पुलिस और सुरक्षित समाज” का संदेश दिया।
Read More News..
Charkhi Dadri News – चरखी दादरी पुलिस की सख्ती: एक सप्ताह में 759 चालान, 9.11 लाख रुपये का जुर्माना
