Charkhi Dadri News – जिला एथलेटिक्स संघ दादरी की ओर से 20वीं नेशनल इंटर डिस्ट्रिक्ट जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए जिला स्तरीय चयन स्पर्धा का आयोजन 20 अक्टूबर 2026 को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रानीला में किया जाएगा। प्रतियोगिता के सभी इवेंट सुबह 8 बजे शुरू होंगे।
जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव राजेश फौगाट ने बताया कि चयन स्पर्धा में अंडर-14 व अंडर-16 आयु वर्ग के लड़के और लड़कियां भाग ले सकते हैं। जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को 14 से 16 नवंबर 2026 तक हैदराबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि अंडर-14 आयु वर्ग में ट्रायथलॉन ए, बी व सी तथा किड्स जैवलिन के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ग में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की जन्मतिथि 17 नवंबर 2012 से 16 नवंबर 2014 के बीच होनी चाहिए। वहीं, अंडर-16 आयु वर्ग में 60 मीटर, 600 मीटर, हर्डल्स, जंप, थ्रो व पेंटाथलॉन सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
इस वर्ग के लिए खिलाड़ी की जन्मतिथि 17 नवंबर 2010 से 16 नवंबर 2012 के बीच होना अनिवार्य है। राजेश फौगाट ने बताया कि सभी खिलाड़ियों को ट्रायल के दौरान आवेदन फार्म के साथ जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड व रिहायशी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। उन्होंने पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि पर सुबह 8 बजे विद्यालय परिसर में पहुंचकर चयन स्पर्धा में भाग लेने की अपील की हैं।
राजेश फौगाट, सचिव, जिला एथलेटिक्स संघ दादरी।
Read More..
चरखी दादरी के बाल्मीकि नगर में हड़कंप! अतिक्रमण हटाने क्यों पहुंचा नगर परिषद? देखिए मौके की पूरी..
