Charkhi Dadri News – गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना पर स्पेशल स्टाफ चरखी दादरी ने खेतों की ओर भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को दबोचा
अपराध एवं अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चरखी दादरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल स्टाफ की टीम ने एक व्यक्ति को दो अवैध हथियार, दो मैगजीन और 12 जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हरिकेश निवासी निमड़ी, जिला चरखी दादरी के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीरवार को स्पेशल स्टाफ चरखी दादरी की टीम HC संदीप, सिपाही अनूप, सिपाही अनिल, चालक EASI राजेश सरकारी वाहन में अपराधों की रोकथाम एवं गश्त के दौरान पीर बाबा, बौंदकलां के नजदीक मौजूद थे। इसी दौरान टीम को सूचना प्राप्त हुई कि हरिकेश निवासी निमड़ी अपने पास अवैध हथियार लेकर निमड़ी-बौंद सड़क पर मंदिर के नजदीक खड़ा है और किसी स्थान पर जाने की फिराक में है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए नाकाबंदी एवं तलाश शुरू की।
पुलिस टीम जब निमड़ी-बौंद रोड पर मंदिर के नजदीक पहुंची तो करीब 100 मीटर की दूरी पर एक व्यक्ति हाथ में सफेद रंग का मिठाई का थैला लिए बौंद की तरफ पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर उक्त व्यक्ति अचानक पीछे मुड़कर खेतों की ओर जाने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे साथी कर्मचारियों की सहायता से थैले सहित काबू कर लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम हरिकेश निवासी निमड़ी बताया।
तलाशी के दौरान उसके थैले में अखबार के टुकड़े में लिपटे हुए दो अवैध हथियार, दो मैगजीन तथा 12 जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामद हथियारों की जांच करने पर एक ब्रेटा पिस्तौल के साथ दो मैगजीन व 9 जिंदा कारतूस तथा एक देशी कट्टा व 3 जिंदा कारतूस मिले। आरोपी से बरामद हथियारों के संबंध में लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने बरामद अवैध हथियारों एवं कारतूसों को नियमानुसार कब्जे में लिया । आरोपी के खिलाफ थाना बौंदकला में आर्मस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया ।
पुछताछ के बाद आज आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है ।
Read More…
Charkhi Dadri News – 12 साल से फरार उद्घोषित अपराधी को चरखी दादरी पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने दबोचा
