Charkhi Dadri – चरखी दादरी पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए थाना सदर दादरी क्षेत्र के बत्तरखेड़ी पहाड़ क्षेत्र से 25000 रुपये के इनामी वांछित आरोपी को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान सतेन्द्र उर्फ लीला पुत्र दयानन्द, निवासी गांव बौंद कलां, जिला चरखी दादरी के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी थाना बौंद कलां में दर्ज ललित मास्टर हत्याकांड में वांछित आरोपी है।
मंगलवार को हेड कांस्टेबल मंजीत के नेतृत्व में अपराध शाखा-2 (स्पेशल स्टाफ) पुलिस टीम को गश्त के दौरान एक विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि सतेन्द्र उर्फ लीला अवैध हथियार लेकर बत्तरखेड़ी पहाड़ क्षेत्र में बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान की ओर रवाना हुई ।
पुलिस टीम जब गांव खेड़ी बत्तर से निकलकर पहाड़ी क्षेत्र में पहुँची तो सामने से एक युवक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया, जिसने पुलिस वाहन को देखकर अचानक मोटरसाइकिल वापस मोड़ ली और कच्चे रास्ते से भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। इसी दौरान कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पत्थरों पर गिर गई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवक को काबू किया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम सतेन्द्र उर्फ लीला पुत्र दयानन्द निवासी गांव बौंद कलां बताया। तलाशी लेने पर उसकी पीठ पर लदे नीले रंग के पिठ्ठू बैग से एक अवैध पिस्तौल ब्रेटा 32 बोर, मैगजीन तथा दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामद अवैध पिस्तौल, मैगजीन, दो जिंदा कारतूस व बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल को पुलिस ने कब्जे में लिया । थाना सदर में आर्मस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया ।
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी को मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पत्थरों पर गिरने से चोट लगने पर उसे पुलिस सुरक्षा में उपचार के लिए सामान्य अस्पताल दादरी भेजा गया।
यह था मामला
दिनांक 10/11 मई 2026 की रात्रि गांव बौंद कलां में ललित कुमार पुत्र बुटा राम की गोली मारकर हत्या की वारदात हुई थी। मृतक के भाई नवीन आर्य की शिकायत पर थाना बौंद कलां में मुकदमा संख्या 74/2026 दर्ज किया गया था।
शिकायत एवं अनुसंधान के दौरान सामने आया कि सतेन्द्र उर्फ लीला पुत्र दयानन्द निवासी बौंद कलां ने अपने साथियों के साथ मिलकर मृतक ललित कुमार की हत्या की साजिश रची थी। शिकायत के अनुसार वारदात के समय सतेन्द्र उर्फ लीला ने अपने साथी को ललित की ओर इशारा करते हुए उसे गोली मारने के लिए कहा था। इसके बाद उसके साथी द्वारा ललित कुमार के सिर में गोली मारी गई, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
मामले में पुलिस द्वारा अब तक आरोपी छाजु सिंह, अर्जुन, अमरजीत उर्फ मोनू, नितिन उर्फ कालिया, नितिश उर्फ लास्सी, जितेन्द्र उर्फ जीतू तथा अजीत उर्फ बूच्चा को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं सतेन्द्र उर्फ लीला मामले में फरार चल रहा था, जिस पर 25000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था ।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत थी।
आरोपी से हत्या की वारदात में उसकी भूमिका, हथियार के स्रोत तथा उसके साथ जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
Read More…..

