Top 5 This Week

Related Posts

Charkhi Dadri : पुलिस एनकाउंटर में घायल हुआ गोलीकांड का मुख्य साजिशकर्ता, अवैध पिस्तौल बरामद


Charkhi Dadri – पुलिस मुठभेड़ में गोलीकांड का मुख्य साजिशकर्ता घायल, अवैध पिस्तौल सहित गिरफ्तार
दादरी फायरिंग मामले में दो अन्य साजिशकर्ता भी पुलिस ने किये काबु


Charkhi Dadri – पुलिस ने दादरी शहर में हुई गोलीबारी की घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोलीकांड के मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल एक आरोपी को पैर में गोली लगने के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से अवैध पिस्तौल बरामद की गई है। वहीं, पुलिस ने मामले में शामिल दो अन्य साजिशकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल


दिनांक 06 अगस्त 2026 को दादरी शहर में हुई गोलीबारी की घटना के आरोपियों की तलाश में CIA पुलिस टीम द्वारा बौंद-कलानौर लिंक रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध वाहन HR19U-6405, मारुति फ्रॉन्क्स, सफेद रंग की तलाश शुरू की गई।
नाकाबंदी के दौरान उक्त वाहन कलानौर की तरफ से आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने वाहन को रुकने का इशारा किया। वाहन में सवार एक व्यक्ति नीचे उतरकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगा। आरोपी द्वारा चलाई गई गोली पुलिस के सरकारी वाहन के बंपर पर लगी।


पुलिस टीम ने आरोपी को हथियार डालकर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा एवं आरोपी को काबू करने के उद्देश्य से जवाबी कार्रवाई की। जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी को काबू कर लिया तथा उसके कब्जे से अवैध पिस्तौल बरामद की।


पूछताछ में दादरी फायरिंग की साजिश में शामिल होने का खुलासा


पुलिस द्वारा काबू किए गए आरोपी की पहचान रोहित उर्फ कातिया पुत्र मुकेश निवासी गांव माजरा (दुबलधन), जिला झज्जर के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने दादरी शहर में हुई गोलीबारी की घटना की साजिश में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट, मारपीट सहित विभिन्न आपराधिक मामलों में संलिप्तता की जानकारी सामने आई है। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।


घायल आरोपी को पुलिस द्वारा मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया गया। मुठभेड़ की घटना के संबंध में पुलिस द्वारा मौके की फोटोग्राफी एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। साथ ही कंट्रोल रूम को सूचना देकर सीन ऑफ क्राइम टीम तथा एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया, ताकि घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए जा सकें।


दो अन्य साजिशकर्ता भी गिरफ्तार


दादरी शहर में हुई फायरिंग की घटना के संबंध में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रीत पुत्र हजारी निवासी साहुवास तथा युदबिन्दर पुत्र शुभराम निवासी सांगा, हाल निवासी लोहारू चौक, चरखी दादरी के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों से पूछताछ कर घटना में उनकी भूमिका, वारदात की योजना तथा अन्य संबंधित आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।


विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज


पुलिस मुठभेड़ के संबंध में थाना बौंद कलां में आरोपी रोहित उर्फ कातिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा बरामद अवैध हथियार को कब्जे में लेकर नियमानुसार जांच की जा रही है।


जिला पुलिस द्वारा दादरी फायरिंग की घटना को गंभीरता से लेते हुए मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस टीमें घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क, वारदात में प्रयुक्त संसाधनों तथा घटना के पीछे के कारणों की भी गहनता से जांच की जा रही है।
जिला चरखी दादरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने, अवैध हथियार रखने तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Read More News….

Charkhi Dadri – सिटी थाना के सामने गैंगवार, ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला दादरी शहर ,7 लोगों को लगी गोलियां, सभी को रोहतक पीजीआई रेफर किया

Charkhi Dadri : सिटी थाना के बाहर चली ताबड़तोड़ गोलियां, 7 लोग निशाने पर | LIVE Coverag

Popular Articles