Charkhi Dadri News : चरखी दादरी पुलिस के सीआईए स्टाफ ने बौंदकला निवासी ललित हत्याकांड में कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितीन उर्फ कालिया तथा नितीश उर्फ लास्सी निवासी बौंद कला के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 अवैध देशी पिस्तौल 315 बोर, 4 जिंदा कारतूस तथा एक खाली खोल बरामद किया है।
आरोपियों के खिलाफ अवैध हथियार रखने, पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि रविवार रात्रि को सीआईए स्टाफ की दो टीमें बौंद कला निवासी ललित मर्डर केस में फरार आरोपियों की तलाश में बाढड़ा क्षेत्र में गश्त कर रही थीं।
पहली टीम में एएसआई विशाल, एएसआई राजकपुर, हेड कांस्टेबल विकास, हेड कांस्टेबल मनफूल, सिपाही दिनेश तथा चालक ईएएसआई नरेंद्र शामिल थे, जबकि दूसरी टीम में एएसआई दिलबाग, एएसआई जगजीत सिंह, हेड कांस्टेबल प्रदीप तथा सिपाही सुधीर चालक एसपीओ अनुप सरकारी गाड़ियों में मौजूद थे।
गश्त के दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि बौंद कला गांव में हुए ललित हत्याकांड के वांछित आरोपी नितीन उर्फ कालिया और नितीश उर्फ लास्सी बिना नंबर प्लेट की काले रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल पर गांव लाड होते हुए गांव नान्धा की तरफ किसी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से जाने वाले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नान्धा-लाड रोड पर गांव नान्धा के पास नाकाबंदी शुरू कर दी तथा कंट्रोल रूम दादरी को भी सूचित किया गया।
कुछ समय बाद पुलिस टीम को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी, जिस पर दो युवक सवार थे। पुलिस ने मोटरसाइकिल सवारों को रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस टीम को देखकर दोनों युवक घबरा गए और मोटरसाइकिल को पीछे मोड़कर गांव लाड की तरफ भागने लगे।
पुलिस टीम ने तुरंत उनका पीछा किया और आत्मसमर्पण करने के लिए चेतावनी दी।
इसी दौरान मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे युवक ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।
पुलिस टीम ने सतर्कता और बहादुरी का परिचय देते हुए पीछा जारी रखा।
भागने के दौरान आरोपियों की मोटरसाइकिल असंतुलित होकर सड़क किनारे गिर गई और दोनों युवक पेड़ों तथा पत्थरों से टकराकर घायल हो गए।
उनकी मोटरसाइकिल भी सड़क पर घिसटती हुई एक पेड़ से जा टकराई।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही काबू कर लिया।
पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान नितीन उर्फ कालिया और नितीश उर्फ लास्सी निवासी बौंद कला के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान आरोपी नितीन उर्फ कालिया की दाहिनी जेब से एक देशी पिस्तौल 315 बोर बरामद हुई, जिसमें एक जिंदा कारतूस लोड मिला।
वहीं आरोपी नितीश उर्फ लास्सी के कब्जे से एक देशी पिस्तौल 315 बोर बरामद हुई, जिसमें एक खाली खोल मिला।
इसके अतिरिक्त उसकी लोअर की जेब से एक जिंदा कारतूस तथा उसके पिट्ठू बैग से दो और देशी पिस्तौल बरामद हुईं, जिनमें एक-एक जिंदा कारतूस लोड मिला।
पुलिस ने सभी अवैध हथियार, कारतूस और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया।
उपचार के बाद आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि उनसे ललित हत्याकांड सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा सके।
पुलिस अधीक्षक चरखी दादरी ने सीआईए स्टाफ की टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराध और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जायेगा ।
साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
Read More ….
Charkhi Dadri News : चरखी दादरी में सरकारी टीचर की गोली मारकर हत्या |
समसपुर गांव में नशे के खिलाफ धरना जारी | विधायक की अपील बेअसर , ग्रामीणों का बड़ा फैसला !
