चरखी दादरी पुलिस की स्पेशल स्टाफ की टीम पर फायरिंग करने वाले ललित हत्याकांड के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, दोनों के पैरों में लगी गोली, अवैध हथियार बरामद
चरखी दादरी पुलिस को ललित हत्याकांड में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी में बड़ी सफलता हाथ लगी है। स्पेशल स्टाफ दादरी की टीम ने शिक्षक ललित को गोली मारने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है ।
पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार के दिशानिर्देशानुसार टीम ने थाना बौंद कलां क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध 315 बोर कट्टे बरामद किए गए हैं। पुलिस जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
शुक्रवार को स्पेशल स्टाफ दादरी के इंचार्ज SI सतीश कुमार अपनी टीम के साथ ललित हत्याकांड मामले में वांछित आरोपियों की तलाश में बस अड्डा बौंद कलां पर मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ललित हत्याकांड को अंजाम देने वाले आरोपी जितेन्द्र उर्फ जीतू पुत्र ब्रह्मपाल तथा अजित उर्फ बुच्चा पुत्र मोहन सिंह निवासी बौंद कलां गांव निमड़ी के पास खेतों में बने एक कोठड़े में छिपे हुए हैं और उनके पास अवैध हथियार भी हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत दो अलग-अलग पार्टियां बनाकर क्षेत्र की घेराबंदी की। पुलिस जब खेतों में बने कोठड़े के पास पहुंची तो वहां मौजूद आवारा कुत्तों के भौंकने पर दोनों आरोपी सतर्क हो गए और भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा आत्मसमर्पण करने की चेतावनी देने पर आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी।
स्पेशल स्टाफ इंचार्ज के अनुसार पहले आरोपी जितेन्द्र उर्फ जीतू ने पुलिस पार्टी पर सीधा फायर किया, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आत्मरक्षा में फायर किया। इसी दौरान दूसरे आरोपी अजित उर्फ बुच्चा ने भी पुलिस टीम पर फायरिंग की। करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में आरोपियों के पैरों की तरफ फायर किया, जिससे दोनों आरोपी घायल होकर गिर पड़े और मौके पर ही काबू कर लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेन्द्र उर्फ जीतू पुत्र ब्रह्मपाल तथा अजित उर्फ बुच्चा पुत्र मोहन सिंह निवासी बौंद कलां के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से दो देशी कट्टा 315 बोर बरामद हुए हैं। घायल आरोपियों को प्राथमिक उपचार के लिए CHC बौंद कलां भेजा गया। मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया गया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस पार्टी पर जान से मारने के इरादे से फायर करने, सरकारी कार्य में बाधा उतपन्न करने की धाराओं के तहत थाना बौंद कलां में मुकदमा दर्ज किया गया है । हत्याकांड को अंजाम देने वाले तीन आरोपी अमरजीत उर्फ मोनू, नितिन उर्फ कालिया व नितिश उर्फ लास्सी निवासी बौंदकला को गिरफ्तार किया जा चुका है ।
Read More News….
BREAKING: चरखी दादरी में पुलिस एनकाउंटर, दो बदमाशों को लगी गोलियां
