Top 5 This Week

Related Posts

Charkhi Dadri News – विद्यार्थियों को नशे, साइबर अपराध और महिला-बाल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक, 112 व 1930 की दी जानकारी

Charkhi Dadri News – जिला पुलिस अधीक्षक श्री लोगेश कुमार पी. (आईपीएस) के कुशल मार्गदर्शन में शनिवार को चरखी दादरी पुलिस द्वारा युवाओं को सही दिशा देने, अपराधों पर अंकुश लगाने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से SBS सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बधवाना व MD सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जावा में अवेयरनेस प्रोग्राम का आयोजन किया गया ।

एंटी नार्कोटिक्स सेल प्रभारी एसआई नरेन्द्र सिंह, एएसआई राहुल फौगाट तथा दुर्गा शक्ति टीम ने में विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा, सामाजिक जिम्मेदारियों और जीवन शैली से जुड़े गंभीर खतरों के प्रति सचेत किया ।


कार्यक्रम के दौरान एसआई नरेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों, इससे स्वास्थ्य पर पड़ने वाले जानलेवा प्रभावों और इसके कारण बर्बाद होने वाले परिवारों के संदर्भ में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को मादक पदार्थों की तस्करी और सेवन से जुड़े कड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में भी अवगत कराया ।

उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास यदि कोई व्यक्ति नशे की लत में फंसा है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को देकर एक सजग और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण सामाजिक जिम्मेदारी निभाएं।


बढ़ते डिजिटल युग में साइबर अपराधों की चुनौतियों को देखते हुए टीम ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन दुनिया के खतरों और उनसे सुरक्षित रहने के तरीकों के बारे में गहन जानकारी प्रदान की। पुलिस टीम ने सोशल मीडिया का सतर्कतापूर्वक उपयोग करने, किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ निजी जानकारी या ओटीपी शेयर न करने, और लुभावने ऑनलाइन ऑफर्स व फर्जी लिंक्स से बचने की सख्त सलाह दी।

उन्होंने बताया कि जरा सी लापरवाही व्यक्ति को बड़े वित्तीय या मानसिक संकट में डाल सकती है। यदि किसी के साथ किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है, तो बिना डरे और बिना समय गंवाए तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए ताकि समय रहते नुकसान को रोका जा सके।


महिला एवं बाल सुरक्षा के मुद्दे पर दुर्गा शक्ति टीम ने छात्रा-छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के प्रति सचेत किया। टीम ने महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम के लिए समाज में जागरूकता के महत्व पर बल दिया और

कहा कि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि या उत्पीड़न को चुपचाप सहने के बजाय उसके खिलाफ आवाज उठाना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त, आपातकालीन स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त करने के लिए हरियाणा पुलिस की ‘डायल 112’ सेवा के उपयोग, इसकी त्वरित कार्यप्रणाली और इसके लाभों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

Charkhi Dadri News

Read More….

Charkhi Dadri News – हरियाणा जूनियर खो-खो टीम का चयन 20 अक्टूबर को जींद में, 45वीं नेशनल चैंपियनशिप के लिए ट्रायल

सर्वोदय स्कूल इमलोटा में Science Exhibition और PTM, बच्चों की प्रतिभा देख गदगद हुए अभिभावक

Popular Articles