Charkhi Dadri News – जिला में भव्यता से सेवा, जनभागीदारी और सुशासन के संदेश के साथ सेवा संकल्प अभियान का आगाज हुआ। मंदौला गांव मेें अभियान के तहत आयोजित आर्शीवाद का दीया कार्यक्रम में सांसद चौ धर्मबीर सिंह, विधायक सुनील सतपाल सांगवान व उमेद पातुवास, नगर परिषद चेयरमैन बक्शी राम सैनी, भाजपा जिला अध्यक्ष राष्ट्र दीप परमार, उपायुक्त मनदीप कौर व पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों व बड़ी संख्या में ग्रमीणों ने दीप प्रज्जवलन कर इसकी शुरूआत की।
भिवानी महेंद्रगढ़ से लोकसभा सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह ने कहा कि आज प्रधानमंत्री के जन्मदिन के साथ-साथ भगवान विश्वकर्मा का जन्मदिन भी है जो हम सब के लिए बहुत ही ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी लगातार 18-20 घंटे कार्य कर अपने देश को आगे बढा रहे हैं।उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि हमें वोकल फार लोकल अपनाना होगा जिससे कि हमारी आमदनी बढ़ेगी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी आपके लिए बहुत कुछ कर रहे हैं। लगभग 56 लाख परिवार को हर साल 20 हजार करोड रुपए की धनराशि सीधे अकाउंट में सरकार द्वारा डाली जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों की फसल का एमएसपी दिया जा रहा है। इसके तहत सीधे उनके खातों में फसल की धनराशि डाली जा रही है जिससे कि बिचौलियों का खत्म हो गया है।
उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने पर जोर दिया। सरकार द्वारा कुछ गाँव को जोड़कर बनाए गए क्लस्टर के किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए 10 हजार की सब्सिडी दे रही है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार किसानों को 6 हजार की धनराशि उनके खाते में डाल रही है जो कि किसानों के लिए खाद बीज उपलब्ध कराने के लिए बड़ी सुविधा होती है। मोदी सरकार किसानों के हित के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में हरियाणा सरकार ने केंद्र से पानी के लिए समझौता किया है जिसके तहत दक्षिण हरियाणा को इस समझौते से बहुत अधिक लाभ होगा। पीने के लिए पानी और किसानों को सिंचाई के लिए भरपूर मात्रा में पानी उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे समझौते हमेशा जनता के हक में होते हैं। उन्होंने कहा कि हमारा देश तेजी से विकास कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के शासन में नक्सलवाद को लगभग जड़ से खत्म कर दिया है और जम्मू कश्मीर की धारा 370 को खत्म कर अच्छा शासन स्थापित किया है।
दादरी से विधायक सुनील सतपाल सांगवान ने अपने संबोधन में कहा कि यह आपके गांव मन्दौला का ऐतिहासिक क्षण है कि जिला प्रशासन ने आपके गांव को चुना है, जहां पूरे जिले में लगभग 172 गांव है जिसमें प्रशासन ने आपके गांव को चुना। उन्होंने कहा कि आज से शुरू होकर 1 महीने तक चलने वाला यह सेवा संकल्प अभियान पूरे हिंदुस्तान में एक साथ चलेगा और पूरे हिंदुस्तान में एक साथ एक दिया आशीर्वाद जलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के बाद इतने लंबे समय तक देश के प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड श्री नरेंद्र मोदी के नाम है। आज भगवान विश्वकर्मा का भी जन्मदिन है जो पुराने हिंदुस्तान के शिल्पकार थे और आधुनिक हिंदुस्तान के शिल्पकार श्री नरेंद्र मोदी है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा राष्ट्र बहुत तेज गति से प्रगति की राह पर चल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष जन सेवा में समर्पित किए हैं। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे पुराने भिवानी जिले में आज से 20-25 साल पहले लगभग तीन चार कॉलेज थे। वर्तमान में 15 से 20 कॉलेज हमारे क्षेत्र में खुले। युवाओं के लिए हमारे देश के प्रधानमंत्री लगातार कार्य कर रहे हैं। आपके सहयोग से हिंदुस्तान को विकसित राष्ट्र बनाएंगे। उन्होंने उपस्थित जन समूह का आहान किया कि आप मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष में पांच पांच दिए अपने घरों में अपने जलाएं।
कार्यक्रम में विधायक उमेद पातुवास ने कहा कि आज पूरा देश सेवा संकल्प अभियान के तहत आशीर्वाद का दिया जला रहा है और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद कर रहे है। प्रधानमंत्री देश के विकास के लिए बिना रुके और बिना थके लगे हुए हैं। गांव ओर जिला के लिए बहुत बड़ा मौका है जब ऐसा कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। अगले एक महीने तक चलने वाले इन कार्यक्रमों के तहत हर वर्ग के जरूरतमंद लोगों को लाभ पहुंचाने की कोशिश होगी। कार्यक्रम में आए अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार रखे।
जिला में विभिन्न स्थानों पर एक साथ जले आर्शीवाद के दिये
सेवा संकल्प अभियान के पहले दिन शाम 7 बजे आशीर्वाद का दीया मॉड्यूल के तहत जिला के प्रमुख स्थानों पर लगभग ढेड लाख दीये जलाए गए। मुख्य कार्यक्रम मंदौला के सरकारी स्कूल व बाढड़ा के बीडीपीओ कार्यालय परिसर में आयोजित किए गए। साथ ही जिला की गौशालाओं, बूथों, अमृत सरोवर, धार्मिक स्थालों, सरकारी भवनों सहित विभिन्न स्थानों पर सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों, पार्टी प्रतिनिधियों सहित आमजन मानस ने दीए जलाए।
रक्तदान शिविर में मिला 40 यूनिट ब्लड
अभियान के पहले दिन मंदौला के सरकारी स्कूल में दोपहर 3 बजे से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसको लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। रक्तदान शिविर में स्वास्थ्य विभाग व रेडक्रॉस ने बेहतरीन व्यवस्था की हुई थी। इस दौरान प्रशिक्षित चिकित्सकों ने रक्तदाताओं से ब्लड लिया। शिविर में लोगों से 40 यूनिट ब्लड मिला। शिविर के माध्यम से आमजन को रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया।
हवन यज्ञ, पशु स्वास्थ्य जांच शिविर व दीप प्रज्जवलन से महकी गौशालाएं
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला की विभिन्न गौशालाओं में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसके तरह सुबह के समय हवन यज्ञ के साथ कार्यक्रम की शुरूआत हुई। इससे पर्यावरण स्वच्छता में सहयोग मिला। गौशालाओं में हवन कर सेवा एवं जनकल्याण का संकल्प लिया गया। इसके बाद गौशालाओं में पहली बार विशेष पशु स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए गए, जिसमें गौवंश के स्वास्थ्य की जांच कर जरूरत अनुसार इलाज किया गया। शाम 7 बजे गौशालाओं में आशीर्वाद का दीया प्रज्ज्वलित किया गया।
एक माह तक चलेंगे विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिला में विभिन्न विभागों के समन्वय से जागरूकता, जनसेवा एवं जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत आशीर्वाद का दीया व रक्तदान के बाद मेरे सपनों का भारत चित्र सेवा, नमो सेवा—अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग—राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट—इनोवेशन चैलेंज तथा सुशासन सेवा संवाद सहित विभिन्न मॉड्यूल के माध्यम से विभागवार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन गतिविधियों का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाना तथा आमजन को अपने अधिकारों एवं सरकारी सेवाओं के प्रति जागरूक करना है। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम, सेवा गतिविधियां, संवाद, शिविर, रचनात्मक कार्यक्रम तथा जनभागीदारी से जुड़े आयोजन किए जाएंगे। इस दौरान भाजपा जिला प्रभारी शैलेन्द्र पांडेय,जिला परिषद सीईओ बिजेंद्र हुड्डा,एसडीएम डॉ विरेन्द्र सिंह, सीटीएम सुरेश दलाल, जिला महामंत्री रविन्द्र शिलगर, अशोक परमार, सुधीर चांदवास सहित अधिकारीगण एवं जनसमूह उपस्थित रहे।
Read More…
