Charkhi Dadri News – जिला में सेवा संकल्प अभियान को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित कर प्रत्येक गतिविधि का जमीनी स्तर पर व्यापक प्रभाव सुनिश्चित किया जाए। प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सेवा संकल्प अभियान को लेकर जिला उपायुक्तों के साथ वीसी से बैठक की। जिला की ओर से उपायुक्त मनदीप कौर के निर्देशों पर सीईओ जिला परिषद विजेन्द्र हुड्डा ने तैयारियों की जानकारी दी। वीसी में एसडीएम डा विरेन्द्र सिंह व आशीष सांगवान और सीटीएम सुरेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
वीसी के बाद अधिकारियों ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान की प्रभावी क्रियान्विति एवं सफल आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अभियान की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों से अभियान के दौरान आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों, उनकी रूपरेखा तथा प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को अभियान से जुड़े कार्यक्रमों की बेहतर योजना बनाने तथा सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। अभियान का उद्देश्य विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, जनकल्याण और सामाजिक सरोकारों को जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने अधिकारियों को कहा कि कि सेवा संकल्प अभियान राज्य सरकार का एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जो 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह की अवधि में आयोजित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी को बढ़ावा देना, पात्र नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना तथा सरकारी सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता तभी मानी जाएगी, जब इसका वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचे और प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जुड़ सके।
संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि जिला में पिछले 12 वर्षों के दौरान करवाए गए प्रमुख विकास कार्यों की विभागवार सूची तैयार की जाए। साथ ही सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सूची भी तैयार कर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को अभियान की सभी गतिविधियों में प्रभावी समन्वय, समयबद्ध क्रियान्वयन और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत ब्लॉक स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक सहायता दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन शिविरों एवं सेवा गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
सेवा मेरा योगदान के तहत नागरिकों को अपने घर, गांव, पड़ोस, स्कूल, कार्यस्थल एवं सार्वजनिक स्थानों पर सेवा गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के दौरान रक्तदान, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, अनाथालय एवं वृद्धाश्रमों का दौरा, जरूरतमंद बच्चों को शैक्षणिक सहयोग, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, सडक़ सुरक्षा, जल संरक्षण, कचरा पृथक्करण, साइबर सुरक्षा, खेल गतिविधियों तथा दिव्यांगजनों की सहायता सहित 25 विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इन गतिविधियों का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है। अभियान में पारदर्शिता, जनभागीदारी और समयबद्ध सेवा वितरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक राष्ट्रव्यापी चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें विद्यार्थी देश के विकास, उपलब्धियों और बेहतर भविष्य की आकांक्षाओं से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसी प्रकार राष्ट्रीय नवाचार चुनौती के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, युवा उद्यमियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों को डिजिटल समाधान तथा जमीनी स्तर पर सुशासन से जुड़े नवाचार विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि उपयोगी नवाचारों को व्यापक स्तर पर लागू किया जा सके।
सेवा संकल्प के माध्यम से सेवा कार्यों, कल्याणकारी योजनाओं एवं विकास की कहानियों को नुक्कड़ नाटकों के जरिए आमजन तक पहुंचाया जाएगा। इन कार्यक्रमों का आयोजन स्कूल-कॉलेज, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किया जाएगा। वहीं, 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगन का उत्सव आयोजित होगा, जिसमें आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों, माताओं, पोषण, स्वास्थ्य तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। एक माह तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले भव्य सुशासन सेवा संवाद के साथ संपन्न होगा।
अभियान को लेकर उपायुक्त पहले ही अधिकारियों की स्पष्ट जिम्मेदारियां निर्धारित करते हुए विभागों के बीच बेहतर तालमेल, नियमित निगरानी तथा अभियान की प्रत्येक गतिविधि का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दे चुकी हैं। उन्होंने कहा है कि जिला में सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाएगा। उन्होंने आमजन से आह्वान भी किया है कि सेवा संकल्प अभियान से जुडक़र विभिन्न सेवा गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करें तथा समाजहित में अपना योगदान दें।
Read More….
