Top 5 This Week

Related Posts

Charkhi Dadri News – संत रविदास मंदिर में वाराणसी की पवित्र मिट्टी का कलश स्थापित | मंत्री ने दिए ₹5 लाख



Charkhi Dadri News – प्रदेश के सहकारिता एवं जेल मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और चरखी दादरी विधायक सुनील सतपाल सांगवान की अगुवाई में मंगलवार को चरखी दादरी में एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। हीरा चौक से शुरू होकर संत रविदास मंदिर तक पहुंची इस यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष राष्ट्रदीप परमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में वाराणसी स्थित गुरु रविदास जी की जन्मस्थली की मिट्टी लेकर पहुंचे पवित्र कलश की स्थापना की गई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने विधायक के अनुरोध पर संत रविदास मंदिर के भवन निर्माण हेतु 5 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की।


​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं सदियों से मानवता को सही दिशा दिखा रही हैं। उन्होंने एक ऐसे समाज की कल्पना की थी जहाँ दुख, अन्याय और भेदभाव का कोई स्थान न हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार इसी समरसता और ‘अंत्योदय’ की भावना के साथ कार्य कर रही है।


​कैबिनेट मंत्री ने आगे बताया कि गुरु रविदास जी के विचारों के प्रसार हेतु कुरुक्षेत्र के उमरी में 5 एकड़ भूमि पर लगभग 124 करोड़ रुपये की लागत से भव्य ‘गुरु रविदास धाम’ का निर्माण करवाया जा रहा है, जिसका टेंडर हो चुका है और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू होगा। इस धाम में 125 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशभर में ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत यह कलश यात्रा निकाली जा रही है, जो गांव-गांव और घर-घर तक सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचा रही है।



​चरखी दादरी विधायक सुनील सतपाल सांगवान ने कहा कि हरियाणा सरकार गुरु रविदास जी की वाणी के अनुरूप समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए समान रूप से कार्य कर रही है। राज्य में प्रतिभाशाली युवाओं को पारदर्शी माहौल देने के लिए ‘बिना खर्ची-बिना पर्ची’ की नीति लागू की गई है, जिसके तहत युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति समाज के अधिकारों के संरक्षण के लिए ‘हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग’ का गठन किया गया है। उन्होंने आमजन से संतों और महापुरुषों के विचारों को अपनाकर समाज में भाईचारा और सद्भाव मजबूत करने का आह्वान किया।



भाजपा जिलाध्यक्ष राष्ट्र दीप परमार ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को समानता, भाईचारे और मानव कल्याण का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं। भारतीय संविधान में निहित स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे की भावना भारतीय दर्शन और संत परंपरा से प्रेरित है। यही समानता और भाईचारे की भावना भारतीय समाज की मूल चेतना का हिस्सा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। और प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रहा है।


उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
​इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष बलवान सांगवान, जगजीत सांगवान मंडल अध्यक्ष, रामनिवास पिचोपा, सुशीला फौगाट, भाजपा जिलाध्यक्ष उपाध्यक्ष जगदीश सरपंच,मंडल अध्यक्ष रितु गोयल, केदारनाथ सरोहा,नगर पार्षद कुलदीप सैनी, रवि गर्ग बवानिया,लोकेश गुप्ता सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Read More…

Charkhi Dadri News – समाधान शिविर में शिकायतों का समयबद्ध समाधान | अधिकारियों को

Charkhi Dadri News – समाधान शिविर में शिकायतों का समयबद्ध समाधान | अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Popular Articles