Charkhi Dadri News – अग्रवाल सभा द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर 10, 11 एवं 12 अक्टूबर को तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अग्रवाल सभा के प्रवक्ता डॉ. ललित महाजन ने जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रमों में महाराजा अग्रसेन के समानता, सेवा, सहयोग और समाज कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस बार जयंती समारोह को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।
तीनों दिन विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि 10 अक्टूबर को कृष्ण गौशाला एवं नंदीशाला में सवामणी प्रसाद का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन सायंकाल अग्रवाल भवन सोसायटी में अग्र महिला मिलन कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें समाज की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रहेगी। 11 अक्टूबर को प्रातः अग्रवाल धर्मार्थ चिकित्सालय में निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। इसमें निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं सायंकाल वैश्य कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में भव्य कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।
जिसमें शीर्ष पदो पर पहुचें समाज के युवाओ को अग्र गौरव सम्मान दिया जाएगा एवं राष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध कवि अनिल अग्रवंशी हास्य, खुशबू शर्मा श्रृंगार रस, मोहित सक्सेना वीर रस एवं विनोद पाल हास्य अपनी रचनाओं से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे। 12 अक्टूबर को महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा शहर के प्रमुख बाजारों एवं मार्गों से निकाली जाएगी। शोभायात्रा को आकर्षक झांकियों, धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भव्य स्वरूप दिया जाएगा। अग्रवाल सभा के अध्यक्ष कैलाश चंद रिटोलिया एवं महासचिव विष्णु गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन केवल अग्रवाल समाज के ही नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज के प्रेरणास्रोत हैं।
उनके द्वारा स्थापित समाजवाद, समानता, परस्पर सहयोग और जरूरतमंदों की सहायता के सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने समाज के लोगों से तीनों दिन के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। महाराजा अग्रसेन ने समाज को सेवा और सहयोग की राह दिखाई। उनकी विचारधारा को आगे बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जयंती समारोह केवल उत्सव तक सीमित न रहकर समाज सेवा और जनकल्याण का माध्यम बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि अग्रवाल सभा का प्रयास रहेगा कि तीनों दिवसीय कार्यक्रम गरिमापूर्ण एवं यादगार बनें तथा अधिक से अधिक लोग इनमें सहभागी बनें।
Read More…
