Charkhi Dadri News – सोशल मीडिया पर बढ़ते हथियारों के प्रदर्शन और गैंगस्टर संस्कृति को रोकने के लिए चरखी दादरी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। जिले में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने ऐसे सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान की, जिनके माध्यम से हथियारों का प्रदर्शन, आपराधिक गतिविधियों का महिमामंडन और गैंगस्टर संस्कृति को बढ़ावा देने वाली सामग्री साझा की जा रही थी।
जांच के दौरान पुलिस ने ऐसे 56 सोशल मीडिया अकाउंट चिन्हित कर संबंधित प्लेटफॉर्म के माध्यम से हटाने की कार्रवाई कराई। इसके अलावा, नियमों का उल्लंघन करने वाले कुछ लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी शुरू की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव डालता है और इससे कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के अकाउंट्स पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
यदि कोई व्यक्ति हथियारों का प्रदर्शन, गैंगस्टर संस्कृति का प्रचार या कानून के विरुद्ध कोई सामग्री सोशल मीडिया पर साझा करता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।चरखी दादरी पुलिस ने युवाओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और किसी भी आपत्तिजनक या गैरकानूनी पोस्ट को साझा करने से बचें।
साथ ही, ऐसे अकाउंट या पोस्ट दिखाई देने पर उनकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
Read More

