Charkhi Dadri News –चरखी दादरी पुलिस ने जिले में अपराध और नशे की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से अंतरराज्यीय सीमा पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार, आईपीएस के निर्देशानुसार 06/07 सितंबर की रात दादरी-झज्जर मार्ग पर स्थित इमलोटा नाका पर यह अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान डीएसपी साहिल ढिल्लों के नेतृत्व में कमांडो दस्ते सहित 23 पुलिसकर्मियों की टीम ने पूरी रात नाके पर तैनात रहकर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की। पुलिस टीम द्वारा वाहनों के दस्तावेजों की पड़ताल करने के साथ-साथ संदिग्ध वाहनों की बारीकी से तलाशी ली गई। चेकिंग का मुख्य उद्देश्य जिले की सीमा के माध्यम से किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, अवैध सामग्री अथवा नशीले पदार्थों की आवाजाही को रोकना रहा।
रात्रि चेकिंग के दौरान कुल 88 वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 32 वाहनों के चालान भी किए गए। पुलिस टीम ने नाके से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन पर निगरानी रखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों की जांच की।
डीएसपी साहिल ढिल्लों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि अंतरराज्यीय सीमा से गुजरने वाले वाहनों की जांच पूरी सतर्कता के साथ की जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न किया जाए। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी और नियमित चेकिंग से आपराधिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलती है।
पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी., आईपीएस ने कहा कि चरखी दादरी जिले की सीमाओं पर पुलिस की निगरानी लगातार मजबूत की जा रही है। नशा तस्करी, अपराध और असामाजिक गतिविधियों को रोकने के लिए संवेदनशील एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में समय-समय पर विशेष चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि उन्हें अपने आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि दिखाई देती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस और आमजन के आपसी सहयोग से जिले में सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
Read More…
Charkhi Dadri News – विधायक सुनील सांगवान के आवास का घेराव! मुर्दाबाद के नारों से गूंजा शहर
Charkhi Dadri News – जिला स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिता में आदर्श स्कूल के खिलाड़ियों ने लहराया परचम
