Charkhi Dadri News – आर्यन स्पोर्ट्स क्लब, घिकाड़ा रोड, चरखी दादरी में 10 अक्टूबर 2026 को 9वीं जिला तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न आयु वर्गों के तैराकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा, मेहनत तथा खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित तैराक अब 17 से 19 अक्टूबर 2026 तक एचएल सिटी, बहादुरगढ़ में आयोजित होने वाली सब-जूनियर एवं जूनियर तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
प्रतियोगिता में खिलाडि़यों को प्रोत्साहित करने हरियाणा तैराकी संघ के उपाध्यक्ष इंदर फोगाट, पुरस्कार वितरण समारोह के अतिथि मोहित चौधरी (राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष, धर्म सेना), उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि एवं भाजपा के चरखी दादरी जिला अध्यक्ष राष्ट्रदीप परमार, दादरी तैराकी संघ के अध्यक्ष विक्रांजीत सिंह तथा महासचिव जगत सिंह उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाडि़यों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाडि़यों ने पदक एवं पुरस्कार हासिल किए। यशदीप, पुत्र सूर्यदीप सिंह, ने सर्वश्रेष्ठ तैराक का पुरस्कार प्राप्त किया।
उन्होंने 400 मीटर व्यक्तिगत मेडले, 200 मीटर बैकस्ट्रोक और 100 मीटर बैकस्ट्रोक में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा उन्होंने 200 मीटर फ्रीस्टाइल और 100 मीटर बटरफ्लाई में भी शानदार प्रदर्शन किया। इशांत सिंह पुत्र जोगेंद्र ने 400 मीटर फ्रीस्टाइल में प्रथम स्थान प्राप्त किया। 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में चिंटू फोगाट पुत्र संदीप ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि निशांत पुत्र देवेंद्र दूसरे स्थान पर रहे। 50 मीटर फ्रीस्टाइल में समर पुत्र जितेंद्र ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। आयु वर्ग 1-बी की लड़कियों में झज्जर की स्नोवर झाझरिया ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक, 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले, 50 मीटर बटरफ्लाई, 100 मीटर बैकस्ट्रोक और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में स्वर्ण पदक जीतकर सर्वश्रेष्ठ तैराक ट्रॉफी हासिल की।
आयु वर्ग ए-1 में फलक पुत्री संजीत श्योराण ने 50 मीटर बटरफ्लाई, 100 मीटर बैकस्ट्रोक, 200 मीटर बैकस्ट्रोक और 200 मीटर फ्रीस्टाइल में प्रथम स्थान प्राप्त किया। आयु वर्ग 1-बी के लड़कों में रुद्राक्ष कलकल ने प्रथम तथा आदित्य ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। आयु वर्ग 2 में तन्मय कलकल प्रथम, प्रणव सांगवान द्वितीय और यशस्वी तृतीय स्थान पर रहे। आयु वर्ग 1-बी की लड़कियों में स्नोवर प्रथम, मन्नत द्वितीय और अवनीता तृतीय स्थान पर रहीं। आयु वर्ग 2 की लड़कियों में वंशिका, आयु वर्ग 3 के लड़कों में बाटेक तथा लड़कियों में हिमांशी कादयान ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। आयु वर्ग 4 के लड़कों में तेजस सांगवान और लड़कियों में भूमि ने उपलब्धि हासिल की।
आयु वर्ग 5 में लड़कों के वर्ग में हार्दिक फोगाट और लड़कियों के वर्ग में जीविका मंगोल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आयु वर्ग 6 में लड़कों के वर्ग में मयंक तथा लड़कियों के वर्ग में निशिका ने स्थान प्राप्त किया। दादरी तैराकी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवा खिलाडि़यों को अपनी प्रतिभा निखारने, प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने और उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर देती हैं। उन्होंने चयनित खिलाडि़यों को आगामी सब-जूनियर एवं जूनियर प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।
Read More…
