Charkhi Dadri News – सर्वजातीय फोगाट खाप के गांव समसपुर की बेटी अंजली फोगाट ने 65वीं ओपन राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में महिला ओपन 400 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर गांव समसपुर, सर्वजातीय फोगाट खाप और चरखी दादरी जिले का नाम रोशन किया है। 8 से 11 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में अंजली ने मात्र 53.37 सेकंड में 400 मीटर की दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया।
अंजली फोगाट पूर्व सरपंच सुरेंद्र फोगाट की सुपुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से गांव समसपुर सहित पूरे फोगाट खाप क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। सर्वजातीय फोगाट खाप के प्रधान सुरेश फोगाट, सचिव कुलदीप फोगाट तथा खाप के अन्य पदाधिकारियों ने अंजली की शानदार सफलता पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल एक स्वर्ण पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हरियाणा की बेटियों की प्रतिभा, मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। अंजली ने साबित कर दिया है कि यदि बेटियों को उचित अवसर, प्रोत्साहन और संसाधन मिलें तो वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं।
खेल प्रेमियों के नाम संदेश देते हुए प्रधान सुरेश फोगाट ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। समाज को चाहिए कि वह बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करे और उनकी प्रतिभा को निखारने में परिवार, गांव तथा सामाजिक संगठनों की भूमिका सुनिश्चित करे। आज आवश्यकता है कि हम केवल बेटियों की सफलता पर गर्व ही न करें, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और सहयोग भी प्रदान करें। अंजली जैसी प्रतिभाशाली बेटियां युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं और उनकी सफलता से अन्य खिलाड़ियों को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा मिलेगी।
प्रधान सुरेश फोगाट ने बताया कि अंजली की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर ग्राम पंचायत समसपुर, समस्त ग्रामवासियों तथा सर्वजातीय फोगाट खाप की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं। उन्होंने अंजली के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि गांव समसपुर पहुंचने पर बेटी अंजली फोगाट का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि अंजली भविष्य में भी अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर देश-प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
Read More….
