Charkhi Dadri News – चरखी दादरी पुलिस ने साइबर अपराधियों पर करारा प्रहार करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश, चरखी दादरी के पर्सनल असिस्टेंट के साथ क्रेडिट कार्ड के जरिए हुई ₹2,95,884.60/- की ठगी के मामले में साइबर थाना पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बीमा पॉलिसी के नाम पर झांसा देकर लगाया था लाखों का चूना
मामले का विवरण देते हुए पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि गांव बिजणा निवासी अमित कुमार (P.A. टू जिला एवं सत्र न्यायाधीश, चरखी दादरी) ने 30 सितंबर 2026 को साइबर थाना दादरी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, 28 सितंबर को उन्हें एक्सिस बैंक की महिला कर्मचारी का कॉल आया। महिला ने उनके सुपर मनी रुपे प्लेटिनम क्रेडिट कार्ड पर एक बीमा पॉलिसी जारी होने और उसके एवज में ₹17,500/- कटने का भय दिखाया। पॉलिसी रद्द करने की प्रक्रिया के बहाने ठगों ने क्रेडिट कार्ड से कुल ₹2,95,884.60/- की दो संदिग्ध ट्रांजेक्शन करवा लीं, जिसमें ₹2,33,855/- ब्लिंकइट (Blinkit) और ₹62,029.60/- नोब्रोकर टेक्नोलॉजीज के माध्यम से उड़ा लिए गए।
शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना चरखी दादरी में मामला दर्ज किया गया । अनुसंधान अधिकारी हेड कांस्टेबल सुमित कुमार ने मामले की बागडोर संभाली। जांच के दौरान पता चला कि ब्लिंकइट से ठगी की राशि से एक महंगा एप्पल आईफोन 18 Pro खरीदा गया था। वहीं नोब्रोकर के जरिए ठगे गए ₹62,029 पंजाब नेशनल बैंक के एक खाते में ट्रांसफर किए गए थे।
पानीपत से दबोचे गए आरोपी, दिल्ली से संचालित हो रहा था नेटवर्क
पुलिस टीम ने 7 अक्टूबर 2026 को पंजाब नेशनल बैंक खाते के धारक आरोपी चेतन निवासी अमन विहार, नई दिल्ली को पानीपत से व उसके साथी आरोपी निखिल निवासी सुल्तानपुरी, नई दिल्ली को शिव चौक, अमन विहार, दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। पुछताछ के लिए दोनों आरोपियों को 2 दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों से पुछताछ जारी है ।
Read More…
Charkhi Dadri News – बाजरा बेचने आ रहे किसान जरूर देखें! ₹10 में भोजन-पानी और ठहरने की सुविधा
