Charkhi Dadri News – पुलिस महानिदेशक, हरियाणा के निर्देशों की अनुपालना में जिले में अपराधियों, नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए चरखी दादरी पुलिस ने 18 और 19 अक्टूबर की मध्यरात्रि को दादरी-महेन्द्रगढ रोड़ पर स्थित नाका आदमपुर पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नाके से गुजरने वाले वाहनों की सघन जांच की गई और यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की गई।
डीएसपी जसपाल सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान इंस्पेक्टर राजेन्द्र की अगुवाई में 16 पुलिसकर्मियों की टीम पूरी रात नाकाबंदी पर तैनात रही। पुलिस जवानों ने चौक से गुजरने वाले प्रत्येक संदिग्ध वाहन पर नजर रखी और सुरक्षा जांच को गंभीरता से अंजाम दिया।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने कुल 104 वाहनों को रोककर उनकी जांच की। जांच प्रक्रिया के तहत वाहनों की डिक्की, सामान रखने की जगहों और अन्य संदिग्ध हिस्सों को मेटल डिटेक्टर व टॉर्च की मदद से बारीकी से खंगाला गया। पुलिस टीम ने यह सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया कि वाहनों के जरिए किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों, अवैध हथियारों अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री की आवाजाही न हो सके।
वहीं, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 09 वाहनों के चालान किए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और कानून के पालन को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गए। इसके अतिरिक्त, रात के वक्त बिना किसी ठोस कारण के संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे 01 संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई।
डीएसपी जसपाल सिंह ने अभियान के दौरान तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक संदिग्ध वाहन की नियमानुसार गहन जांच की जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न किया जाए।
पुलिस प्रशासन ने साफ किया कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की चेकिंग और निगरानी आगे भी जारी रहेगी। अपराध, नशा तस्करी और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रात में सफर करने वालों के लिए पुलिस की जरूरी सलाह
चरखी दादरी पुलिस ने देर रात यात्रा करने वाले लोगों से अपील की है कि वे अपनी पहचान संबंधी मूल अथवा मान्य डिजिटल आईडी तथा वाहन की वैध आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखें। नाकों पर जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करें और अनावश्यक बहस से बचें, ताकि जांच प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके। कानून का पालन करें, सतर्क रहें और सुरक्षित जिले के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें ।
पुलिस ने नागरिकों से यह भी आग्रह किया है कि यदि उन्हें सड़क किनारे कोई लावारिस बैग, बिना नंबर प्लेट वाला संदिग्ध वाहन अथवा कोई अन्य संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल डायल-112 पर दें। समय पर दी गई सूचना अपराध की रोकथाम और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
Read More….
