Charkhi Dadri News – पुलिस महानिदेशक हरियाणा के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में अपराध, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के उद्देश्य से चरखी दादरी पुलिस पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में 17 व 18 अक्टूबर की मध्यरात्रि दादरी-झज्जर मुख्य मार्ग स्थित इमलोटा नाके पर एक विशेष व सघन नाकाबंदी अभियान चलाया गया।
इस विशेष अभियान का नेतृत्व डीएसपी कप्तान सिंह ने किया। उनके साथ इंस्पेक्टर राजपाल तथा 16 पुलिस जवानों का विशेष दस्ता पूरी रात नाके पर मुस्तैद रहा। देर रात से सुबह तक चले इस अभियान के दौरान पुलिस टीम ने मार्ग से गुजरने वाले प्रत्येक संदिग्ध वाहन और व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी।
नाकाबंदी के दौरान टीम ने कुल 112 छोटे व बड़े वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों, डिक्की तथा संदिग्ध सामान की गहनता से तलाशी ली। इसके अलावा देर रात अकारण आवाजाही कर रहे 6 संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनसे विस्तृत पूछताछ की गई तथा उनके पहचान व आपराधिक रिकॉर्ड की पुष्टि की गई।
वहीं, यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले 10 वाहनों के नियमानुसार चालान भी काटे गए। पुलिस की इस अचानक व सख्त नाकेबंदी से अवैध धंधों, नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया।
मौके पर मौजूद डीएसपी कप्तान सिंह ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को कड़े निर्देश दिए कि चेकिंग प्रक्रिया पूरी सतर्कता व नियमों के तहत की जाए और किसी भी स्तर पर संदिग्ध गतिविधि को कतई नजरअंदाज न किया जाए। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था व शांति बनाए रखने के लिए इस प्रकार के औचक नाकाबंदी और चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
रात में सफर करने वाले यात्रियों के लिए पुलिस की जरूरी एडवाइजरी व अपील:
वैध दस्तावेज साथ रखें:
देर रात यात्रा करते समय अपनी मूल अथवा डिजिटल पहचान पत्र (ID), वाहन की वैध आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य रूप से साथ रखें।
- जांच में सहयोग करें: नाकों पर चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ अनावश्यक बहस से बचें और शांतिपूर्वक सहयोग करें, जिससे सुरक्षा जांच प्रक्रिया निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।
संदिग्ध गतिविधि की तुरंत दें सूचना:
यदि सड़क किनारे या आसपास कोई लावारिस बैग, बिना नंबर प्लेट का वाहन या कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे, तो बिना किसी देरी के आपातकालीन नंबर डायल-112 पर सूचना दें। सजग नागरिक के रूप में समय पर दी गई सूचना अपराध रोकने में अत्यंत मददगार साबित होती है।
Read More…
चरखी दादरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, खेतों से नोजल चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार
