Top 5 This Week

Related Posts

Charkhi Dadri News : पुलिस विभाग में सेवानिवृत्त अधिकारियों को सम्मानित कर दी गई विदाई | SP लोगेश कुमार

Charkhi Dadri News : आज पुलिस विभाग, चरखी दादरी के लिए एक भावनात्मक एवं गौरवपूर्ण दिन रहा, जब विभाग के कई अनुभवी एवं समर्पित अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने अपनी दीर्घकालीन सेवाओं के उपरांत औपचारिक रूप से सेवानिवृत्ति ग्रहण की। इस अवसर पर एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार द्वारा सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।


सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों में इंस्पेक्टर जयवीर, इंस्पेक्टर आसाराम, इंस्पेक्टर रमेश, इंस्पेक्टर इंद्र सिंह, ईएसआई सुधीर कुमार, ईएचसी सतबीर तथा ईएचसी जगदीश शामिल रहे। इन सभी ने अपने-अपने कार्यकाल के दौरान पुलिस विभाग में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान की हैं और अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ किया है।


समारोह का आयोजन लघु सचिवालय चरखी दादरी में किया गया, जहां विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण के साथ हुई। इसके पश्चात सेवानिवृत्त होने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं उपहार देकर सम्मान किया गया।


अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी संगठन की सफलता उसके कर्मचारियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण पर निर्भर करती है।

उन्होंने कहा कि आज जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विदाई दी जा रही है, उन्होंने अपने सेवाकाल में पुलिस विभाग की गरिमा को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता एवं कर्तव्यनिष्ठा ने विभाग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान दिया है।


उन्होंने आगे कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होता है, जो एक नई शुरुआत का संकेत भी देता है।

यह समय अपने परिवार के साथ अधिक समय बिताने, अपने शौक पूरे करने और समाज सेवा के अन्य कार्यों में भागीदारी का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखी एवं समृद्ध जीवन की कामना की।

इसके अतिरिक्त उन्होंने डूअल ओटीपी सिस्टम के बारे में विस्तार से जानकारी दी ।

उन्होंने बताया कि यह प्रणाली एक अतिरिक्त सुरक्षा परत प्रदान करती है, जिसमें किसी भी ऑनलाइन लेन-देन या महत्वपूर्ण डिजिटल गतिविधि के दौरान दो अलग-अलग ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) का सत्यापन आवश्यक होता है।

इससे साइबर अपराधियों द्वारा अनाधिकृत लेन-देन को रोकने में काफी मदद मिलती है। किसी भी अज्ञात कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें और अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

इंस्पेक्टर जयवीर ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस विभाग में बिताए गए वर्षों ने उन्हें अनुशासन, धैर्य और सेवा का महत्व सिखाया। उन्होंने अपने सभी वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों का धन्यवाद किया, जिन्होंने हर कदम पर उनका साथ दिया।

इंस्पेक्टर आसाराम ने कहा कि यह विभाग उनके लिए परिवार की तरह रहा है और यहां बिताए गए हर पल को वे हमेशा संजोकर रखेंगे।


इंस्पेक्टर रमेश ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है, जिसे निभाने के लिए समर्पण और साहस की आवश्यकता होती है।

इंस्पेक्टर इंद्र सिंह ने भी विभाग के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें गर्व है कि उन्होंने समाज की सेवा में अपना योगदान दिया।


ईएसआई सुधीर कुमार, ईएचसी सतबीर और ईएचसी जगदीश ने भी अपने विचार व्यक्त किए और कहा कि पुलिस विभाग में काम करना उनके लिए गर्व की बात रही है।

उन्होंने अपने सहकर्मियों के साथ बिताए गए समय को याद करते हुए कहा कि यह अनुभव उनके जीवन का अमूल्य हिस्सा रहेगा।


समारोह के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भावभीनी विदाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार, डीएसपी धीरज कुमार, निरीक्षक चंद्रशेखर, सुरक्षा शाखा प्रभारी, सेना लिपिक व कार्यालय के अन्य पुलिस कर्मचारी एवं सेवानिवृत पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के परिवारजन मौजूद रहे ।

Read More ….

Charkhi Dadri – बीमा के रूपयों और जमीन के लालच में पति का एक्सीडेंट करवाकर मारने का प्रयास करने के मामले में आरोपी पत्नी गिरफ्तार

Charkhi Dadri में पत्नी ने प्रेमी साथ मिलकर करोड़ों रुपये हड़पने के लिए खेला खेल , फिर जो हुआ.

Popular Articles