Charkhi Dadri News – स्व. सुखबीर सिंह फोगाट की स्मृति में 29 नवंबर, रविवार को बाढ़ड़ा स्थित किसान भवन में विशाल सामाजिक एवं जनकल्याणकारी आयोजन किया जाएगा। मॉडल दादरी जिला बनाओ संगठन तथा ग्राम पंचायत बाढ़ड़ा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में 400वां रोजगार मेला, 4717वां सेवा भाव शिविर, 2247वां निःशुल्क चिकित्सा शिविर, 1670वां रक्तदान शिविर और 400वां सम्मान समारोह सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए संगठन के युवा विंग के जिला अध्यक्ष अधिवक्ता डॉ. अनिल बलवान साहू ने बताया कि रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं पास तथा स्नातक योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। विभिन्न कंपनियों की ओर से बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, रोबोट प्रोग्रामर, क्वालिटी मैनेजर, डिजाइन इंजीनियर, टेलीकॉलर, प्रोडक्शन मैनेजर, अकाउंटेंट, ऑपरेटर, मैनेजर, जनरल मैनेजर और हेल्पर्स सहित 150 प्रकार के पदों के लिए रिक्तियां शामिल हैं। युवाओं को उनकी योग्यता एवं अनुभव के अनुसार रोजगार के अवसर प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निःशुल्क चिकित्सा शिविर में अवल हॉस्पिटल, भिवानी की विशेषज्ञ टीम द्वारा सामान्य रोग, नेत्र, ईएनटी तथा हड्डी रोगों से संबंधित निःशुल्क परामर्श, जांच और दवाइयों की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके साथ ही सरकारी अस्पताल, चरखी दादरी की टीम के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित सम्मान समारोह में समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आशा वर्कर्स को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की जाएगी।
डॉ. साहू ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जरूरतमंदों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना, युवाओं को रोजगार से जोड़ना और समाज सेवा करने वाली प्रतिभाओं को सम्मान देना है। कार्यक्रम में सहयोगी के रूप में मोहित फोगाट का विशेष योगदान रहेगा, वहीं संतोष डायग्नोस्टिक सेंटर का भी विशेष सहयोग प्राप्त होगा।
Read More News……
सर्वोदय स्कूल में साइंस ओलंपियाड का महाकुंभ ! लाखों के कैश इनाम और 3.5 करोड़ की स्कॉलरशिप का ऐलान
Charkhi Dadri News – पवन सरपंच झोझू खुर्द बने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष
