Charkhi Dadri News –हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग द्वारा जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 18 से 20 नवंबर तक आयोजित इस शिविर में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों सहित विभिन्न विभागों के कुल 348 सफाई कर्मचारियों और सीवरमैन ने अपनी स्वास्थ्य जांच करवाकर इस जनकल्याणकारी पहल का लाभ उठाया।
हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग का उद्देश्य जिले के सभी सफाई कर्मचारियों और सीवरमैन के उत्तम स्वास्थ्य एवं कल्याण को सुनिश्चित करना है। आयोग का मानना है कि सफाई कर्मचारी और सीवरमैन समाज की स्वच्छता एवं जनस्वास्थ्य की रीढ़ हैं। ये कर्मचारी प्रतिकूल परिस्थितियों में भी निरंतर अपनी सेवाएं देते हैं। कार्य की प्रकृति के कारण कई बार गंभीर बीमारियों का समय पर पता नहीं चल पाता, जिससे उपचार में देरी और जान का जोखिम बढ़ जाता है।
इसी संवेदनशीलता को देखते हुए हरियाणा सरकार द्वारा राज्य के सभी सफाई कर्मचारियों के समग्र कल्याण के लिए प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तरीय स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस राज्यव्यापी अभियान के तहत अब तक हरियाणा के 17 जिलों में शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 27 हजार से अधिक सफाई कर्मचारी लाभ उठा चुके हैं। चरखी दादरी प्रदेश का 18वां जिला है, जहां इस अभियान को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया गया।
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
तीन दिवसीय शिविर में नगर परिषद चरखी दादरी के 124 सफाई कर्मचारियों, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के 30 कर्मचारियों, 16 सीवरमैन, स्वास्थ्य विभाग के 21 कर्मचारियों तथा अन्य विभागों के 36 कर्मचारियों ने स्वास्थ्य जांच करवाई। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों से कुल 121 सफाई कर्मचारियों ने शिविर का लाभ उठाया। इनमें झोझू ब्लॉक से 10, बाढ़ड़ा ब्लॉक से 16, बौंद ब्लॉक से 35 तथा चरखी दादरी ब्लॉक से 60 सफाई कर्मचारी शामिल रहे।
आयोग के कोऑर्डिनेटर ने किया स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण
शिविर के सुचारू संचालन और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए आयोग के कोऑर्डिनेटर नीलम एवं संदीप ने जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का दौरा कर निरीक्षण किया। इस दौरान सामने आई छोटी-मोटी कमियों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया गया।
शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने कर्मचारियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक लैब टेस्ट किए। इसके अलावा कर्मचारियों को नि:शुल्क दवाइयां और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी प्रदान किया गया।
इस पूरे अभियान में जिले के प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आयोग की टीम का पूर्ण सहयोग किया। हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग की ओर से सभी अधिकारियों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया गया। आयोग ने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों के संरक्षण के लिए इस प्रकार के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
Read More News….
चरखी दादरी के जनता कॉलेज में MY भारत का युवा कार्यक्रम, युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
