Charkhi Dadri News – चेक गणराज्य में आयोजित विश्व रेलवे क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में भारतीय रेलवे की स्वर्ण पदक विजेता पुरुष टीम का हिस्सा बनकर देश और जिले का गौरव बढ़ाने वाले गांव ऊण निवासी खिलाड़ी हरीश श्योराण पुत्र रमेश श्योराण के सम्मान में गांव ऊण में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, ग्रामीणों एवं खेल प्रेमियों ने फूल-मालाओं और पारंपरिक तरीके से हरीश श्योराण का स्वागत किया तथा उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मॉडल दादरी जिला बनाओ संगठन के प्रधान एवं अधिवक्ता डॉ. अनिल बलवान साहू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने हरीश श्योराण को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर डॉ. अनिल बलवान साहू ने कहा कि हरीश श्योराण की उपलब्धि केवल गांव ऊण की ही नहीं, बल्कि पूरे चरखी दादरी जिले, हरियाणा प्रदेश और देश के लिए गर्व का विषय है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय रेलवे की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक विजेता टीम का हिस्सा बनना उनकी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और खेल के प्रति जुनून को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि गांव की मिट्टी में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन देने की है।
डॉ. साहू ने कहा कि चरखी दादरी जिला बनने के बाद इस क्षेत्र ने शिक्षा, प्रशासनिक सेवाओं और खेलों के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। यहां के अनेक प्रतिभाशाली युवाओं ने आईएएस, एचसीएस सहित विभिन्न उच्च प्रशासनिक सेवाओं में स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वहीं कबड्डी, कुश्ती, एथलेटिक्स, क्रॉस कंट्री और अन्य खेलों में भी जिले के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
उन्होंने कहा कि चरखी दादरी की पहचान केवल एक जिले के रूप में नहीं, बल्कि प्रतिभाओं की धरती के रूप में स्थापित हो सकती है। जिस प्रकार भिवानी को देशभर में ‘मिनी क्यूबा’ के नाम से पहचान मिली है, उसी प्रकार उचित खेल सुविधाएं और सरकारी सहयोग मिलने पर चरखी दादरी भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर अपनी विशिष्ट पहचान बना सकता है।
समसपुर स्टेडियम का निर्माण जल्द शुरू करवाने की मांग
डॉ. अनिल बलवान साहू ने जिले में खेल सुविधाओं की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि चरखी दादरी को जिला बने काफी समय बीत चुका है, लेकिन इसके बावजूद समसपुर स्टेडियम के निर्माण एवं विकास को लेकर धरातल पर अपेक्षित कार्य दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा स्टेडियम के लिए घोषित एवं स्वीकृत ग्रांट का वास्तविक लाभ खिलाड़ियों तक पहुंचना चाहिए। केवल घोषणाओं से खेलों का विकास नहीं होगा, बल्कि बजट का समयबद्ध उपयोग और निर्माण कार्यों की शुरुआत सुनिश्चित करनी होगी।
उन्होंने सरकार एवं संबंधित विभागों से मांग की कि समसपुर स्टेडियम के लिए जारी ग्रांट को जल्द से जल्द धरातल पर लगाया जाए तथा स्टेडियम का निर्माण निर्धारित समयसीमा में पूरा करवाया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक खेल सुविधाएं, प्रशिक्षक, खेल मैदान और अभ्यास के उचित संसाधन उपलब्ध करवाए जाएं तो चरखी दादरी की धरती से अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकते हैं।
डॉ. साहू ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे और नकारात्मक गतिविधियों से दूर रहकर खेल, शिक्षा और सामाजिक कार्यों में अपनी ऊर्जा लगाएं। उन्होंने कहा कि हरीश श्योराण जैसे खिलाड़ी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
कार्यक्रम में गांव के सरपंच प्रतिनिधि वीरेंद्र, बीडीसी सदस्य संजय, राजेश, सुकेश, पुनीश, महताब, हरिंदर, प्रताप, करतार, संतोष सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त वीरेंद्र, प्रकाश, महताब, हरिंदर, सज्जू, मुंशी राम साहू, चंद्रेश, सेठ, कल्लू, हरि प्रकाश सहित अनेक ग्रामीणों एवं युवाओं ने समारोह में भाग लेकर खिलाड़ी का उत्साहवर्धन किया।
अंत में आयोजकों एवं ग्रामीणों ने हरीश श्योराण को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास व्यक्त किया कि उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित करेगी।
Read More News……
चरखी दादरी के जनता कॉलेज में MY भारत का युवा कार्यक्रम, युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
