Charkhi Dadri News – दीपावली का त्योहार जिस घर में खुशियों और रोशनी का संदेश लेकर आना चाहिए था, उसी घर में आतिशबाजी से निकला एक रॉकेट परिवार के लिए बड़ा संकट बन गया। दीपावली की रात करीब 3 से 3:30 बजे के बीच कबीर नगर, बधवाना गेट स्थित वार्ड नंबर-12 निवासी उषा पत्नी स्वर्गीय धर्मेंद्र के घर के एक कमरे में अचानक कहीं से आया रॉकेट जा घुसा। रॉकेट के कारण कमरे में आग लग गई, जिसका पता आग फैलने पर चला।
जब आग पर काबू पाने के लिए पानी डाला गया तो शॉर्ट-सर्किट हो गया। देखते ही देखते कमरे में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और वहां रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। इस दर्दनाक हादसे के दौरान कमरे में सो रहा उषा का 24 वर्षीय बेटा विशाल भी आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद आसपास के पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए पानी डालकर आग पर काबू पाया और घायल विशाल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल चरखी दादरी पहुंचाया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया, जहां फिलहाल उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना नागरिक अस्पताल परिसर में स्थित पुलिस चौकी को दी गई। इसके बाद पुलिस चौकी इंचार्ज ने मामले की जानकारी लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पति का पहले ही हो चुका है देहांत, मेहनत-मजदूरी से चलता है परिवार
पीड़ित उषा ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि वह बेहद गरीब परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पति का पहले ही देहांत हो चुका है। परिवार में वह स्वयं और उनके दो बेटे विशाल व आकाश हैं। दोनों बेटे मेहनत-मजदूरी करके परिवार का गुजर-बसर करते हैं। परिवार के पास मेहनत-मजदूरी के अलावा आय का कोई अन्य साधन नहीं है।
दीपावली की रात हुए इस हादसे ने परिवार की वर्षों की मेहनत से जुटाई गृहस्थी को पलभर में तबाह कर दिया। एक तरफ बेटा अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ घर का सारा सामान जल जाने से परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने का संकट खड़ा हो गया है।
प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं से आर्थिक सहायता की गुहार
उषा ने प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं से भावुक अपील करते हुए कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वह अपने स्तर पर हुए नुकसान की भरपाई कर सके और बेटे के उपचार के दौरान आने वाली परेशानियों का सामना कर सके।
उन्होंने जिला प्रशासन से नुकसान का उचित आकलन करवाकर आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है, ताकि परिवार दोबारा अपने जीवन को संभाल सके।
यह हादसा आतिशबाजी के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था के प्रति जागरूकता की आवश्यकता को भी रेखांकित करता है। त्योहार की एक रात की खुशियां इस परिवार के लिए गहरे दुख और आर्थिक संकट में बदल गईं। ऐसे कठिन समय में प्रशासन और समाज के सक्षम लोगों का सहयोग इस पीड़ित परिवार के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।
Read More News..
