Charkhi Dadri News – आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को बाढडा एसडीएम कार्यालय में एसडीएम आशीष सांगवान की अध्यक्षता में समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नागरिकों ने अपनी विभिन्न प्रकार की समस्याएं उनके समक्ष रखीं, मौके पर समाधान होने वाली समस्याओं का अधिकारियों के माध्यम मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
एसडीएम आशीष सांगवान ने कहा कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार सप्ताह के प्रत्येक सोमवार और वीरवार को समाधान शिविरों का आयोजन किया जाता है। ये समाधान शिविर आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। इन शिविरों के जरिए नागरिकों को अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखने और उनका समाधान करवाने का अवसर मिलता है। प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और उसे समयबद्ध तरीके से राहत प्रदान की जाए।
एसडीएम आशीष सांगवान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायतों पर केवल औपचारिक कार्रवाई करने के बजाय उनकी वास्तविक स्थिति को समझें और समस्या के मूल कारणों की पहचान करें। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत का समाधान ऐसा होना चाहिए, जिससे संबंधित व्यक्ति को स्थायी राहत मिले और उसे एक ही कार्य के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में आने वाले प्रत्येक मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई करें। जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव है, उनका तुरंत निस्तारण किया जाए। वहीं, जिन मामलों में जांच या अन्य विभागीय प्रक्रिया आवश्यक है, उनमें निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी की जाए।
एसडीएम सांगवान ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि लोगों को उनकी समस्याओं से वास्तविक और स्थायी राहत दिलाना है। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। अधिकारियों को चाहिए कि वे जनहित को सर्वोपरि रखते हुए समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी से बचें और प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निस्तारण करे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि समाधान शिविरों की सार्थकता तभी है, जब यहां आने वाले लोगों को उनकी समस्याओं का उचित समाधान मिले। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि आमजन को सरकारी सेवाओं और सुविधाओं का लाभ सहजता से मिल सके।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Read More….
चरखी दादरी में डोहकी गांव के किसानों का प्रशासन को अल्टीमेटम! धरने पर बैठने की दी चेतावनी
