Charkhi Dadri News – पुलिस महानिदेशक हरियाणा के विशेष निर्देशों की अनुपालना करते हुए, जिला पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी., आईपीएस के मार्गदर्शन में चरखी दादरी पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ शिकंजा कसने, अपराधों की रोकथाम, अवैध नशा तस्करी पर पूर्ण अंकुश लगाने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के उद्देश्य से 22 एवं 23 अक्टूबर की मध्यरात्रि को नाका बाढड़ा चौक पर पुलिस ने मज़बूत घेराबंदी कर सघन नाकाबंदी को अंजाम दिया।
अभियान डीएसपी धीरज कुमार के कुशल नेतृत्व तथा इंस्पेक्टर सुरेश की अगुवाई में तैनात 16 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम द्वारा चलाया गया। नाके पर तैनात पुलिस बल ने पूरी मुस्तैदी के साथ आने-जाने वाले हर छोटे-बड़े वाहन को रुकवाया। रात के अंधेरे में होने वाली गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस टीमों ने मेटल डिटेक्टर और टॉर्च की मदद से वाहनों की डिक्की, सीटों के नीचे और अन्य हिस्सों की बारीकी से तलाशी ली।
मध्यरात्रि चले इस चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 80 वाहनों की गहनता से पड़ताल की। इस दौरान यातायात नियमों की अनदेखी और लापरवाही बरतने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए 10 वाहनों के चालान काटे गए।
अभियान के दौरान डीएसपी धीरज कुमार ने नाके पर मौजूद समस्त पुलिस बल को स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाए और हर एक संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाए।
इसके साथ ही, चरखी दादरी पुलिस ने रात्रि के समय सफर करने वाले तमाम वाहन चालकों एवं नागरिकों के लिए यात्रा के दौरान वाहन की आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस और अपनी पहचान से जुड़े वैध मूल दस्तावेज पास रखने, पुलिस नाकाबंदी और चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों का पूरा सहयोग करने, रात के समय गाड़ी चलाते वक्त निर्धारित गति सीमा का ध्यान रखने की अपील की ।
साथ ही अपील की कि किसी भी संदिग्ध वाहन या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचित करें।
Read More….
चरखी दादरी अनाज मंडी में किसानों का रोड जाम ! BJP मुर्दाबाद के नारों से गूंज उठी मंडी, मौके पर भारी.
