Charkhi Dadri News – चरखी दादरी। शहर के महेंद्रगढ़ चौक के नजदीक ऑटो मार्केट में वीरवार शाम हुए सड़क हादसे में एक मैकेनिक की जान चली गई। बालाजी मोटर्स के सामने ट्रॉले की मरम्मत कर रहे 42 वर्षीय मनोज को पीछे से आए दूसरे ट्रॉले ने टक्कर मार दी। हादसे में वह दोनों वाहनों की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद दुकानदार उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक मनोज गांव खुड़ाना का रहने वाला था और ऑटो मार्केट में मैकेनिक का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
मरम्मत के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, वीरवार दोपहर करीब 3:30 बजे बालाजी मोटर्स के सामने एक ट्रॉला खराब होने के कारण खड़ा था। मनोज उसकी खराबी ठीक करने के लिए ट्रॉले के सामने पहुंचा हुआ था। इसी दौरान पीछे की ओर से आए एक अन्य ट्रॉले ने खड़े वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण मनोज दोनों वाहनों की चपेट में आ गया और ट्रॉले के नीचे आने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद आसपास की दुकानों पर मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। दुकानदारों ने घायल मनोज को वाहनों के नीचे से बाहर निकाला और तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
मनोज की मौत से परिवार में मातम
मनोज की मौत की खबर मिलते ही गांव खुड़ाना में उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वह अपने पीछे पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे को छोड़ गया है। परिवार का पालन-पोषण करने वाले मनोज की अचानक मौत से परिजन और परिचित सदमे में हैं।
Read More….
Charkhi Dadri News – बाजरा बेचने आ रहे किसान जरूर देखें! ₹10 में भोजन-पानी और ठहरने की सुविधा
