Charkhi Dadri News – आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बौंद कलां के नन्हे खिलाड़ियों ने 5 अक्टूबर, सोमवार को आर्य हिंदी संस्कृत महाविद्यालय, चरखी दादरी में आयोजित अंडर-11 जिला स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में विद्यालय के खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक हासिल किए तथा कई खिलाड़ियों और टीमों ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर राज्य स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। प्रतियोगिता में छवि शर्मा ने लंबी कूद में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं 200 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक अपने नाम किया।
अंशी ने 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए स्वर्ण पदक जीता और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। वंशिका ने 100 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक हासिल किया। 34 किलोग्राम भार वर्ग में विद्यालय के खिलाड़ी यश ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। वहीं 34 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में अंकित ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक हासिल किया।
जिम्नास्टिक्स में भी आदर्श स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय की बालक टीम में अभि, माहिर, वंश, लक्ष्य, केशव शर्मा, देवांश, यश और आहान ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया। बालिका जिम्नास्टिक टीम में दीक्षा, माही, नव्या काकरान, पालक और दीपांशी ने भी प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। जिम्नास्टिक की ओवरऑल टीम स्पर्धा में भी आदर्श स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक जीतते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।
रस्साकशी प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने ताकत, तालमेल और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। बालक वर्ग की टीम में आदित्य, यश, रुद्र, अक्षत, वैभव निहार, आरव सिंह, लिव्यांशु, प्रयाग, ग्रवित तंवर, आदी, निकुंज और वंश ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक हासिल किया। बालिका रस्साकशी टीम में दिशा, नेहा, अवनी, अश्विका, यशिका, पूर्वी, छवि शर्मा, पल्लवी, दिव्या, महक और देविका ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया और रजत पदक अपने नाम किया। आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ-साथ खेल प्रतिभा को निखारने पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
विद्यालय प्रबंधन का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। विद्यालय के अनेक छात्र-छात्राएं जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं तथा कई विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भी अपनी पहचान बनाई है। खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के अनेक पूर्व विद्यार्थी आज विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। विद्यालय ने खेल प्रतिभाओं को उचित मंच, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देकर विद्यार्थियों को नई उड़ान और अलग पहचान देने का कार्य किया है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के बल पर न केवल विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है, बल्कि अपने अभिभावकों और देश का नाम भी गौरवान्वित किया है। विद्यालय का मानना है कि ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है आवश्यकता केवल उन्हें सही दिशा, प्रशिक्षण और अवसर देने की है।
आदर्श स्कूल इसी सोच के साथ विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने का निरंतर प्रयास कर रहा है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन में विद्यालय के डीपीई रोबिन सिंह तथा जिम्नास्टिक कोच विक्रमजीत का विशेष योगदान रहा। प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करवाने के साथ प्रतियोगिता के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार किया। जिम्नास्टिक कोच विक्रमजीत ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि बच्चों ने लगातार मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास के बल पर यह सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी विद्यालय के खिलाड़ी पूरी मेहनत और लगन के साथ बेहतर प्रदर्शन करेंगे। विद्यालय के निदेशक प्रताप सिंह यादव ने सभी विजेता खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया जाता है। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए हर संभव प्रोत्साहन दिया जाता है।
प्रधानाचार्य कृष्ण दत्त ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का प्रदर्शन पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। एनसीसी प्रभारी फर्स्ट ऑफिसर कंवर सिंह ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत करते हुए विद्यालय, क्षेत्र और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में मिली इस सफलता से आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Read More…
चरखी दादरी: डोहकी गांव के दिनेश सांगवान ने क्यों ली VRS? गांव-गांव बनाएंगे टीम | Exclusive Interview
