Charkhi Dadri News – सिग्नल वेटरन एसोसिएशन चरखी दादरी के कार्यकारिणी सदस्यों ने झुंझुनूं में आयोजित विशाल एक्स सर्विसमैन रैली में भाग लिया। इस रैली में दादरी एसोसिएशन के सदस्यों ने न केवल क्षेत्र का गौरव बढ़ाया, बल्कि जबलपुर सिग्नल रिकॉर्ड से पहुंचे सैन्य अधिकारियों के समक्ष पूर्व सैनिकों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया।
Charkhi Dadri News – एसोसिएशन के प्रधान सोमबीर शर्मा और महासचिव राजकुमार ने बताया कि रैली के दौरान जबलपुर सिग्नल रिकॉर्ड से पधारे पर्सनल रिकॉर्ड अधिकारी कर्नल सुरेंद्र कुमार एवं उनकी क्लर्क स्टाफ टीम के साथ पूर्व सैनिकों के दस्तावेज संबंधी लंबित मामलों पर बेहद सार्थक और सकारात्मक चर्चा हुई।
कोषाध्यक्ष खजान सिंह, धर्मपाल, जेपी सांगवान और पवन श्योराण ने जानकारी दी कि एसोसिएशन की ओर से सूबेदार मेजर (ऑनरेरी कैप्टन) जय नारायण, हवलदार नरेंद्र, नायक ब्रिज मोहन और हवलदार रामचंद्र की पेंशन व अन्य दस्तावेजी समस्याओं से जुड़े कागजात सीधे रिकॉर्ड टीम को सौंपे गए।
कर्नल सुरेंद्र कुमार और उनकी टीम ने इन सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि इन समस्याओं का समाधान प्रथम प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी सन्नी सांगवान ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सिग्नल वेटरन एसोसिएशन की ओर से कर्नल सुरेंद्र कुमार को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें चरखी दादरी आने का लिखित निमंत्रण भी सौंपा गया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। रैली के समापन पर झुंझुनूं रैली कमेटी द्वारा चरखी दादरी एसोसिएशन के सभी सदस्यों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया, जो पूरे जिले के लिए गौरव का क्षण रहा।
Read More….
चरखी दादरी बार एसोसिएशन के कल चुनाव! मोबाइल फोन पर रहेगा प्रतिबंध | बड़ी अपडेट
