Charkhi Dadri पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी., IPS ने 6 सप्ताह का Disaster Management Course पूरा करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रदान किए प्रमाण-पत्र
जिला चरखी दादरी पुलिस द्वारा आपदा एवं आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित राहत, बचाव एवं आवश्यक पुलिस सहायता उपलब्ध करवाने की दिशा में जिला आपदा प्रतिक्रिया टीम (District Disaster Response Team) को तैयार किया गया है। टीम के सदस्यों को आपदा प्रबंधन एवं खोज-बचाव कार्यों के लिए विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया है, ताकि बाढ़, भूकंप, भवन गिरने, सड़क हादसों, आगजनी तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस द्वारा प्रभावी एवं समन्वित ढंग से राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चरखी दादरी लोगेश कुमार पी., IPS ने जिला आपदा प्रतिक्रिया टीम के सदस्यों ASI सुनील, EHC अरविंद्र, सिपाही संदीप, सिपाही रोहित, सिपाही संदीप, सिपाही रवि एवं सिपाही सचिन को 6 सप्ताह का Disaster Management Course (CSSR & MFR) सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर प्रमाण-पत्र प्रदान किए। जिला पुलिस के कुल 39 पुलिस कर्मचारियों ने यह प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
हरियाणा स्टेट डिजास्टर मैनेजमैंट ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट में प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को आपदा की स्थिति में Collapsed Structure Search & Rescue (CSSR) तथा Medical First Responder (MFR) से संबंधित महत्वपूर्ण तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को ऐसी परिस्थितियों के लिए तैयार करना है, जहां किसी आपदा के दौरान लोगों को मलबे से निकालने, घायलों तक तत्काल पहुंच बनाने, प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध करवाने तथा सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की आवश्यकता हो।
पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी., IPS ने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आपदा की स्थिति में पहला रिस्पॉन्स समय अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में आमजन की जान-माल की सुरक्षा तथा राहत एवं बचाव कार्यों में भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। प्रशिक्षित जिला आपदा प्रतिक्रिया टीम किसी भी आपदा के समय पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को और मजबूत करेगी।
उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से निपटने के लिए प्रशिक्षित एवं सक्षम टीम का होना आवश्यक है। ऐसे प्रशिक्षण से पुलिसकर्मियों में आपदा के दौरान सही निर्णय लेने, उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने तथा अन्य संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की क्षमता विकसित होती है।
जिला पुलिस द्वारा भविष्य में भी पुलिस कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, खोज एवं बचाव तथा अन्य आपातकालीन सेवाओं से संबंधित प्रशिक्षण दिलाने पर जोर दिया जाएगा। इससे जिला चरखी दादरी में किसी भी आकस्मिक स्थिति के दौरान पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया, राहत एवं बचाव क्षमता को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
Read more News………
Charkhi Dadri – पुलिस का बड़ा एक्शन! अवैध डोगा गन सहित आरोपी गिरफ्तार
बीजेपी सरकार मुर्दाबाद’ के नारों से गूंज उठा चरखी दादरी शहर!

