Top 5 This Week

Related Posts

Charkhi Dadri News – चरखी दादरी में 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान | 25 सेवा गतिविधियां होंगी आयोजित

Charkhi Dadri News – जिला में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह का सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इसको लेकर लघु सचिवालय के सभागार में अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनदीप कौर ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी को बढ़ावा देना, पात्र नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना तथा सरकारी सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है।


उन्होंने कहा कि अभियान की तैयारियों को लेकर सरकार की ओर से संबंधित विभागों को अभियान के सभी कार्यक्रमों में प्रभावी समन्वय, समयबद्ध क्रियान्वयन तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के तहत सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के माध्यम से ब्लॉक एवं विधानसभा क्षेत्र स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

प्रत्येक ब्लॉक एवं विधानसभा क्षेत्र में सेवा सेतु केंद्र स्थापित किए जाने की योजना है। इन केंद्रों पर योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया तथा लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा, जिससे नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।


उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान आयोजित होने वाले शिविरों एवं सेवा गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने विभागवार एवं खंडवार कार्ययोजना तैयार करने, नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करने तथा लक्षित लाभार्थियों की पहचान के लिए उपलब्ध डेटाबेस का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान जनभागीदारी, पारदर्शिता एवं समयबद्ध सेवा वितरण पर विशेष ध्यान दिया जाए।


उन्होंने कहा कि सेवा मेरा योगदान के तहत नागरिकों को अपने घर, गांव, पड़ोस, स्कूल, कार्यस्थल एवं सार्वजनिक स्थानों पर सेवा गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के दौरान रक्तदान, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, अनाथालय एवं वृद्धाश्रमों का दौरा, जरूरतमंद बच्चों को शैक्षणिक सहयोग, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, सडक़ सुरक्षा, जल संरक्षण, कचरा पृथक्करण, साइबर सुरक्षा, खेल गतिविधियों तथा दिव्यांगजनों की सहायता सहित 25 विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।


उपायुक्त ने कहा कि 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक राष्ट्रव्यापी चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थी देश के विकास, उपलब्धियों और बेहतर भविष्य की आकांक्षाओं से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसी प्रकार राष्ट्रीय नवाचार चुनौती के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, युवा उद्यमियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों को डिजिटल समाधान तथा जमीनी स्तर पर सुशासन से जुड़े ऐसे नवाचार विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिन्हें व्यापक स्तर पर लागू किया जा सके।


उन्होंने कहा कि अभियान के तहत नमो सेवा गाथा के माध्यम से सेवा कार्यों, कल्याणकारी योजनाओं एवं विकास की कहानियों को नुक्कड़ नाटकों के जरिए आमजन तक पहुंचाया जाएगा। इन कार्यक्रमों का आयोजन स्कूल-कॉलेज, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किया जाएगा। वहीं, 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगन का उत्सव आयोजित किया जाएगा। आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों, माताओं, पोषण, स्वास्थ्य तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।


उपायुक्त ने कहा कि एक माह तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले भव्य जनसेवक महाकुंभ के साथ संपन्न होगा। इसमें लगभग 1.25 लाख निर्वाचित प्रतिनिधियों, जिनमें ग्राम सरपंच, नगर निकायों के प्रतिनिधि तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इस अवसर पर वंदे मातरम् के सभी छह अंतरों के सामूहिक गायन का भी प्रस्ताव है।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को जिला में व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारियां निर्धारित करते हुए विभागों के बीच बेहतर तालमेल, नियमित निगरानी तथा अभियान की प्रत्येक गतिविधि का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे सेवा संकल्प अभियान से जुडक़र सेवा गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करें और समाजहित में अपना योगदान दें।

Read More…..

पार्षद प्रतिनिधि क्यों बना क्रांतिकारी

Charkhi Dadri News – चरखी दादरी में 21 सितंबर को लगेगा मेगा जॉब मेला | 50 कंपनियां, 1000+ पदों पर भर्ती

Popular Articles