Charkhi Dadri News – एसडीएम आशीष सांगवान ने सोमवार को अपने कार्यालय में राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न कार्यों की विस्तार से समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों में तेजी लाते हुए लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में एसडीएम आशीष सांगवान ने म्यूटेशन (इंतकाल), जमाबंदी, जीआईएस, भूमि विभाजन (पार्टीशन), भूमि अधिग्रहण, चकबंदी, , सीएम विंडो, हरियाणा बड़े पैमाने पर मैपिंग कार्यक्रम, सहित राजस्व विभाग से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।
एसडीएम आशीष सांगवान ने कहा कि राजस्व विभाग से जुड़े अधिकांश कार्य सीधे तौर पर आमजन से संबंधित होते हैं। ऐसे में इन कार्यों के निपटारे में पारदर्शिता, सटीकता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी निर्धारित समय-सीमा में मामलों का निपटारा सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खेवट से जुड़े कार्यों के लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें तय समय में पूरा करने के निर्देश भी दिए।
लंबित इंतकालों का प्राथमिकता के आधार पर करें निपटारा
एसडीएम आशीष सांगवान ने म्यूटेशन (इंतकाल) के मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि लंबित इंतकालों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए। उन्होंने जमाबंदी से संबंधित रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट रखने तथा राजस्व रिकॉर्ड में किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाएं। उन्होंने कहा कि राजस्व रिकॉर्ड जितना अधिक सटीक और अपडेटेड होगा, आमजन को उतनी ही बेहतर एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकेंगी।
आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश
एसडीएम आशीष सांगवान ने जीआईएस से संबंधित कार्यों की जानकारी लेते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए राजस्व रिकॉर्ड एवं भूमि संबंधी जानकारी को व्यवस्थित और सटीक बनाया जाए। उन्होंने भूमि विभाजन (पार्टीशन) से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी मामलों का नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से निपटारा किया जाए।
इसी प्रकार उन्होंने भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की और लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण से संबंधित मामलों में बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई समय पर पूरी की जाए। उन्होंने चकबंदी, सीएम विंडो तथा हरियाणा बड़े पैमाने पर मैपिंग कार्यक्रम से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन कार्यों में भी अनावश्यक देरी न हो और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।
एसडीएम आशीष सांगवान ने कहा कि राजस्व विभाग से जुड़े सभी कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। अधिकारी अपने-अपने स्तर पर विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों की सूची तैयार करें और उनका निर्धारित समय-सीमा में निपटारा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए राजस्व विभाग से संबंधित सेवाओं को सरल, पारदर्शी, सटीक एवं प्रभावी बनाना बेहद जरूरी है।
इस मौके पर नायब तहसीलदार साहिल दलाल,एसीओ शमसेर, कानूनगो ध्यान सिंह, सुरेन्द्र, अश्विनी, जयपाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Read More….
चुनाव में मनिषा सांगवान का साथ दिया, राजनीतिक निशाने पर बोले, अशोक स्वामी………
