Charkhi Dadri News – डॉ. भीमराव अंबेडकर शिक्षा एवं जन कल्याण समिति हरियाणा, कार्यालय चरखी दादरी की ओर से गांव सावड़ निवासी एडवोकेट मंदीप रंगा सुपुत्र आशानन्द का हरियाणा सरकार में सहायक जिला न्यायवादी के पद पर चयन होने पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर समिति पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने उन्हें प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और मालाएं पहनाकर सम्मानित किया तथा उनकी उपलब्धि को समाज और क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताया।
समारोह में समिति प्रधान विजय लोहरवाड़ा ने कहा कि एडवोकेट मंदीप रंगा का चयन उनकी मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि किसी भी युवा की सफलता केवल उसकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं होती, बल्कि वह पूरे समाज के लिए प्रेरणा और नई उम्मीद लेकर आती है। मंदीप ने अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर यह मुकाम हासिल कर साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो कठिन से कठिन मंजिल भी प्राप्त की जा सकती है। विजय लोहरवाड़ा ने कहा कि समाज की उन्नति के लिए शिक्षा सबसे सशक्त माध्यम है।
विशेषकर युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों और नैतिक मूल्यों को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने एडवोकेट मंदीप रंगा से अपेक्षा जताई कि वे अपने नए दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ करेंगे तथा न्याय व्यवस्था में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जरूरतमंद और वंचित वर्गों को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियों को सम्मानित करने का उद्देश्य समाज के अन्य युवाओं को भी शिक्षा और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
सम्मान से अभिभूत एडवोकेट मंदीप रंगा ने समिति पदाधिकारियों एवं ग्राम वासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल खुशी का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को और अधिक गंभीरता से निभाने की प्रेरणा भी है। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, धैर्य, आत्मविश्वास और अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदार प्रयास ही व्यक्ति को मंजिल तक पहुंचाते हैं।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे परिस्थितियों से हार मानने के बजाय शिक्षा को अपना हथियार बनाएं और अपने माता-पिता, गुरुजनों तथा समाज के विश्वास को अपनी ताकत बनाकर आगे बढ़ें। इस अवसर पर समिति उप प्रधान राम भगत लांबा, महासचिव ईश्वर सिंह, कोषाध्यक्ष लालचंद, सह सचिव बालकिशन, कार्यकारिणी सदस्य अरुण भोरिया, मन्दरूप सिंह, सत्यपाल सिंह,
आजीवन सदस्य अशोक कुमार, मास्टर बलवान सिंह, अजय रंगा, एडवोकेट मनजीत रंगा, जय भगवान दुकानदार, मास्टर हरविलास, जय भगवान फौजी, सोनू पेंटर, उमेश ग्रेवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Read More….
