Charkhi Dadri News – अग्रवाल सभा, चरखी दादरी द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के तीन दिवसीय कार्यक्रमों का शुभारंभ सेवा, दान और जीव कल्याण की भावना के साथ किया गया। अग्रवाल सभा के प्रवक्ता डॉ. ललित महाजन ने बताया कि प्रथम दिन श्री कृष्ण गौशाला में गौ माता के लिए सवामणी तथा नंदीशाला में नंदी सेवा के निमित्त सवामणी प्रसाद का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महाराजा अग्रसेन के सेवा, सहयोग, करुणा और परोपकार के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
श्री कृष्ण गौशाला में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुरेश कुमार पाण्डवानिया उपस्थित रहे, जबकि नंदीशाला में आयोजित सवामणी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिशंबर देवसरिया ने शिरकत की। बत्तौर कार्यक्रम अध्यक्षता हरिराम खुडानिया ने शिरकत की। कार्यक्रम में गौशाला के प्रधान शिवकुमार गर्ग एवं नंदीशाला के प्रधान महाबीर बंसल का सानिध्य प्राप्त हुआ। गौशाला में मुख्य अतिथि सुरेश कुमार पाण्डवानिया ने अपने संबोधन में कहा कि महाराजा अग्रसेन का जीवन समाज सेवा, समानता, परस्पर सहयोग और जनकल्याण का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्श हमें प्रेरणा देते हैं कि हम अपनी सामर्थ्य के अनुसार समाज और जरूरतमंदों की सहायता करें तथा जीवों के प्रति दया और करुणा का भाव रखें।
नंदीशाला में मुख्य अतिथि बिशंबर देवसरिया ने कहा कि गौ सेवा और जीव सेवा भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपराएं हैं। गौशालाओं एवं नंदीशालाओं में सवामणी जैसे आयोजन केवल धार्मिक आस्था के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि समाज में सेवा, समर्पण, दान और परोपकार की भावना को भी मजबूत करते हैं। महाराजा अग्रसेन की जयंती मनाने का वास्तविक उद्देश्य उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना और समाज के कल्याण के लिए कार्य करना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे हरिराम खुडानिया ने कहा कि सेवा, दान और परोपकार समाज की मजबूती के आधार हैं। महाराजा अग्रसेन ने समाज को समानता, सहयोग और लोककल्याण का मार्ग दिखाया।
उनके बताए मार्ग पर चलते हुए हमें सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ-साथ जीव सेवा और जनकल्याण के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और नई पीढ़ी को सेवा एवं संस्कारों से जोड़ते हैं। उन्होंने सेवा और दान की परंपरा को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन की विचारधारा समाज को एकजुट करने और जरूरतमंदों की सहायता करने की प्रेरणा देती है। गौ माता एवं नंदी की सेवा जैसे कार्यों से समाज में करुणा, संवेदनशीलता और परोपकार की भावना को बढ़ावा मिलता है। अग्रवाल सभा के प्रधान कैलाश चंद रिटोलिया ने कार्यक्रम के सभी अतिथियों एवं उपस्थित समाजबंधुओं का स्वागत करते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव का शुभारंभ सेवा कार्यों से करना सभा के लिए गर्व का विषय है।
सभा का प्रयास है कि जयंती समारोह केवल उत्सव तक सीमित न रहे, बल्कि इसके माध्यम से सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता की भावना को भी बढ़ावा मिले। सभा के महासचिव विष्णु गोयल ने सभी अतिथियों, दानदाताओं, सहयोगकर्ताओं, गौशाला एवं नंदीशाला प्रबंधन तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने समाज के सभी लोगों से तीनों दिवसीय जयंती महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील भी की।
आज के कार्यक्रम में ईश्वर चंद अधिवक्ता, रविन्द्र सिंह गुप्ता, रामकुमार रिटोलिया, रविन्द्र सिलगर, सतीश बजाज, संदीप गोयल, सुनील गर्ग, सुनील मित्तल, गणेश गोयल, राजेश खजांची, मुकेश बंसल, दयाकिशन लुहानीवाला, विनोद गुप्ता, पवन गुप्ता, संजीव मित्तल, सुरेंद्र अटेलिया, आशीष बिलोटिया, राजेश गुप्ता, हरीश चिडि़यावाला, सौरभ एडवोकेट, आशीष सिंघल, प्रवीण मित्तल, शुभम गोयल, सतीश बंसल, ललित गर्ग, अंकित गुप्ता, गौरीशंकर सिंगला, राजकुमार मित्तल, राधेश्याम हड़ोदिया, राकेश गुप्ता , जगदीश आदमपुरिया, अर्चना अग्रवाल, नरेश सांपला, हरिराम बबलू, सुनील पांडवानिया, तपन गुप्ता, महेश गुप्ता, संदीप पत्थरफोडि़या, बजरंग बंसल आदि मौजूद रहे।
Read More….
*ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो… के नारों से गूंज उठा चरखी दादरी शहर!
