Charkhi Dadri News – पुलिस अधीक्षक चरखी दादरी श्री लोगेश कुमार (IPS) के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में चरखी दादरी पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल द्वारा युवाओं और विद्यार्थियों को नशा मुक्त, सुरक्षित और जागरूक बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जनता कॉलेज और रॉयल स्कूल, बौंदकला में अवेयरनेस प्रोग्राम का आयोजन किया । कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे की भयानक लत से दूर रहने, साइबर अपराधों से सावधान रहने तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
‘नशे से बनाएं दूरी, खेल और शिक्षा से संवारें भविष्य’
एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई नरेन्द्र ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और नशे जैसी सामाजिक बुराई युवाओं के सपनों और उनके उज्ज्वल भविष्य को दीमक की तरह चाट रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के नशे, गलत संगत और बहकावे से दूर रहें। उन्होंने युवाओं को अपनी ऊर्जा का सही दिशा में इस्तेमाल करते हुए शिक्षा, खेल-कूद और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में बढ़-चढ़कर रुचि लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में एएसआई राहुल फौगाट ने तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के मूल मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में थोड़ी सी लापरवाही किसी भी व्यक्ति को वित्तीय ठगी का शिकार बना सकती है। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना पासवर्ड, बैंक विवरण या ओटीपी शेयर न करें और सोशल मीडिया का उपयोग पूरी सतर्कता के साथ करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के बारे में भी जानकारी दी गई।
महिला एवं बाल सुरक्षा: अपराध के खिलाफ उठाएं आवाज पुलिस टीम ने महिला एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों और उनके अधिकारों व सुरक्षा कानूनों के प्रति भी सजग किया। विद्यार्थियों को बताया गया कि यदि उनके आसपास या समाज में किसी भी महिला या बच्चे के साथ उत्पीड़न या अपराध होता है, तो वे डरे बिना तुरंत पुलिस को सूचित करें। दादरी पुलिस हर परिस्थिति में आमजन और विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है।
इस अवसर पर कॉलेज व स्कूल प्रबंधन, शिक्षकगण तथा भारी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। संस्थान के अधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक श्री लोगेश कुमार (IPS) और दादरी पुलिस टीम की इस सराहनीय पहल का आभार व्यक्त किया।
Read More…
चरखी दादरी: डोहकी गांव के दिनेश सांगवान ने क्यों ली VRS? गांव-गांव बनाएंगे टीम | Exclusive Interview
