Charkhi Dadri News – हरियाणा रोडवेज जो कभी सुरक्षित सफर, समयबद्ध संचालन और भरोसेमंद परिवहन सेवा के लिए जानी जाती थी, आज संसाधनों की कमी के चलते गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है।
बसों के टायरों और स्पेयर पार्ट्स की कमी तथा वर्कशॉप में मैकेनिकों की कमी के कारण बसों की मरम्मत प्रभावित हो रही है। इससे बसों के रूट पर संचालन में बाधा आ रही है और आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संयुक्त कर्मचारी संघ 0644 के राज्य प्रवक्ता व मुख्य संगठन सचिव सुधीर अहलावत ने रोडवेज की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि पिछले दो-तीन महीनों से टायरों की भारी कमी बनी हुई है। उनके अनुसार, इसके चलते करीब 300 से 500 बसों के पहिए थमने की स्थिति है और ये बसें सड़कों पर नहीं उतर पा रही हैं।
बसों की संख्या घटने से यात्रियों को समय पर परिवहन सुविधा मिलने में दिक्कत हो रही है। सुधीर अहलावत ने कहा कि टायर और स्पेयर पार्ट्स रोडवेज के नियमित संचालन के लिए आवश्यक संसाधन हैं।
इनकी आपूर्ति समय पर सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद लंबे समय तक कमी बने रहना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। वर्कशॉप में पहले से ही मैकेनिकों की कमी के कारण मरम्मत कार्य प्रभावित है। ऐसे में आवश्यक सामान उपलब्ध न होने से बसें वर्कशॉप में खड़ी रहती हैं और विभाग के राजस्व को भी नुकसान होता है।
उन्होंने कहा कि बसों की मरम्मत में लापरवाही और संसाधनों की कमी का असर केवल विभाग पर ही नहीं, बल्कि यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा पर भी पड़ सकता है। यदि बसों की तकनीकी स्थिति की उचित जांच और मरम्मत किए बिना उनका संचालन किया जाता है, तो दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ सकता है।
इसलिए बसों की फिटनेस और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। सुधीर अहलावत ने सरकार व परिवहन विभाग से मांग की कि टायरों और स्पेयर पार्ट्स की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, वर्कशॉप में मैकेनिकों के रिक्त पदों को भरा जाए तथा बसों की मरम्मत व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।
साथ ही, पिछले महीनों से बनी इस स्थिति के लिए जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि हरियाणा रोडवेज की सेवाएं सुचारु रूप से चल सकें और जनता का भरोसा कायम रहे।
Read More…
Charkhi Dadri – HKCL ने बनाया जॉब पोर्टल, युवाओं को मिलेगी नौकरी ढूँढ़ने में मदद | स्कूलों के बच्चों
Charkhi Dadri News – संस्कार प्ले स्कूल में डांडिया नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, आयुष रहे प्रथम
