Charkhi Dadri News – राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ(41) की जिला कमेटी ने अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण के लिए दिया ज्ञापन।
अदालत के निर्णय का सम्मान करते हुए अतिथि अध्यापकों को नियमित करने के लिए राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ(41) संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की जिला कमेटी ने चरखी दादरी विधायक सुनील सतपाल सांगवान की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि को अतिथि अध्यापकों को नियमित करने के लिए अनिल कुमार के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि
हरियाणा प्रदेश में शिक्षकों की कमी से जूझ रहे विद्यालयों में विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करने तथा शिक्षा के स्तर में सुधार करने के उद्देश्य से वर्ष 2005, 2006, 2007 एवं 2008 में अतिथि अध्यापकों की नियुक्ति की गई थी।
हरियाणा सरकार ने वर्ष 2014 में कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने की नीति बनाई थी। न्यायालयों में चली लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद, दिनांक 16 अप्रैल 2026 को माननीय उच्चतम न्यायालय ने वर्ष 2014 की नियमितीकरण नीति को सही ठहराते हुए प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने का आदेश दिया।
इस अवसर पर हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के जिला सचिव कृष्ण सिंह शास्त्री ने अपने संबोधन में कहा कि दिनांक 29 अप्रैल 2026 तथा उसके पश्चात् अनेक मामलों में निर्णय सुनाते हुए पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने भी नियमितीकरण नीति के तहत सभी गेस्ट टीचरों व कर्मचारियों को नियमित करने के आदेश पारित किए। इसके बावजूद, हरियाणा सरकार ने न्यायालय के आदेशों के अनुरूप अतिथि अध्यापकों को अभी तक नियमित नहीं किया है।
न्यायालय के निर्णयों को लागू करवाने तथा अतिथि अध्यापकों को नियमित करवाने की मांग को लेकर राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ-41, संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आहवान पर, दिनांक 23 जून 2026 यानि 127 दिनों से कुरूक्षेत्र में अनिश्चितकालीन धरना दे रहा है। 4 बार रैली कर चुका है। कल से चण्डीगढ़ के लिए पैदल न्याय यात्रा पर हैं। इस आंदोलन के दबाव में मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री तथा संबंधित अधिकारियों के साथ पाँच बार बैठके हो चुकी हैं,
लेकिन इसके बावजूद अतिथि अध्यापकों को नियमित करने के संबंध में अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान यशपाल सांगवान ने कहा कि प्रदेश के अतिथि अध्यापक इस ज्ञापन के माध्यम से आपसे मांग करते हैं कि आप हरियाणा सरकार से हस्तक्षेप कर न्यायालय के निर्णयों को लागू करवाने तथा नियमितीकरण नीति के तहत अतिथि अध्यापकों को नियमित करने की दिशा में ठोस कार्रवाई करवाएँ, ताकि उन्हें लंबे समय से चली आ रही असुरक्षा एवं अनिश्वितता से मुक्ति मिल सके।
हमें आशा है कि आप इस गंभीर विषय पर सकारात्मक पहल करते हुए अतिथि अध्यापकों को न्याय दिलाने में अपनी प्रभावी भूमिका निभाएँगे। उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए जल्द ही अध्यापकों को नियमित नहीं करती है तो आगामी दिनों में आंदोलन को और तेज करते हुए कठोर निर्णय लिए जाएंगे जिनकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। इस अवसर पर हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के खंड सचिव राजेश फौगाट, उषा रानी, ज्योति, सुशीला देवी, राजपाल सिंह, सुरेंद्र सिंह सहित अनेक अतिथि अध्यापक मौजूद थे।
Read More…
