Charkhi Dadri News – मेरा दादरी परिवार समिति (रजि.), रोज गार्डन के पीछे, वार्ड नंबर 20, चरखी दादरी की ओर से जिले में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन का निर्माण करवाने की मांग को लेकर राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा को ज्ञापन सौंपा गया। समिति के महासचिव एवं सेवानिवृत्त लेखा अधिकारी सुरेश कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सांसद के समक्ष यह मांग रखते हुए कहा कि चरखी दादरी में बाबा साहेब के नाम पर एक समर्पित भवन का निर्माण होने से समाज के लोगों को सामाजिक, शैक्षणिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
समिति ने ज्ञापन में कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समानता, शिक्षा, सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनके विचार आज भी समाज को शिक्षित, संगठित और जागरूक बनने की प्रेरणा देते हैं। ऐसे महान व्यक्तित्व के नाम पर जिला मुख्यालय चरखी दादरी में भवन का निर्माण होना आवश्यक है, ताकि उनकी विचारधारा और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
उपस्थित समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि हरियाणा में जिला स्तर पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर भवनों के निर्माण की योजना के तहत कई जिलों में भवन बनाए जा चुके हैं, जबकि चरखी दादरी में अभी तक ऐसा कोई भवन नहीं है। इसके अभाव में समाज के लोगों को विभिन्न सामाजिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि जिले में उपयुक्त स्थान पर भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुनते हुए इस दिशा में उचित स्तर पर प्रयास करने का सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने मांग से संबंधित विषय को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक पहल करने की बात कही और मौके पर ही नगर परिषद चेयरमैन बक्शी सैनी को इस संबंध में जल्द ही जगह चिन्हित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कुलदीप सहजलान, रतन सिंह, संजय एडवोकेट, आजाद सिंह, कैप्टन रामकुमार, रविन्द्र धानिया, ओमप्रकाश, प्रो. रोशन लाल, प्रवक्ता विरेन्द्र सिंह और फकीर चंद नंबरदार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Read More…
चरखी दादरी से बड़ी खबर LIVE: कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस, BJP पर जमकर साधा
