Charkhi Dadri News – सरकार की सुशासन की अवधारणा को धरातल पर उतारने और ग्रामीणों की समस्याओं का उनके गांव में ही समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को बलकरा गांव में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उपायुक्त मनदीप कौर ने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी, सीईओ जिला परिषद विजेंद्र हुड्डा, एसडीएम डा वीरेंद्र सिंह और सीटीएम सुरेश कुमार सहित जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे।
ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए उपायुक्त ने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम केवल एक प्रशासनिक गतिविधि नहीं, बल्कि सरकार की जनसंवाद और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशासन गांवों तक पहुंचकर आमजन की समस्याओं को समझता है और उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाता है।
उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे पात्रता के अनुसार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
निर्धारित समयावधि में समस्याओं का हो निपटान
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच करते हुए निर्धारित समयावधि में उनका निपटान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता जरूरी है। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक शिकायत पर उचित कार्रवाई हो और संबंधित नागरिक को समाधान की स्थिति की जानकारी भी मिले।
ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक
इस अवसर पर उपायुक्त ने विभिन्न विभागों की स्टाल का अवलोकन किया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने ग्रामीणों को अपने-अपने विभाग से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी दी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं ग्रामीण
उन्होंने बच्चों को अच्छी शिक्षा एवं संस्कार देने, गांव में स्वच्छता बनाए रखने और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी आने पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाएं, ताकि समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके। पुलिस विभाग ने डायल 112, नशा मुक्ति अभियान, साइबर सुरक्षा को लेकर विस्तार से जानकारी दी। वहीं खेल, कृषि सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने अपने विभाग की योजनाओं की जानकारी सांझा की।
Read More…
Mental Health के ये लक्षण न करें नजरअंदाज! Depression, Anxiety और तनाव पर डॉक्टर की सलाह |
