Charkhi Dadri News – श्री कृष्ण गौ सेवा सदन के नवनिर्मित भगत भैरामदास सत्संग भवन में मां दुर्गा पूजा के दौरान भारत पब्लिक स्कूल की छात्राओं द्वारा मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना व तिलकाभिषेक किया गया। इस धार्मिक आयोजन में विद्यालय के प्राचार्य राजकुमार वर्मा व समस्त स्टाफ ने भाग लेकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक संस्कारों का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लेबर इंस्पेक्टर संजय जयश्री ने विधिवत पूजा-अर्चना की। पंडित अमित शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नवग्रह पूजन व मां दुर्गा की पूजा संपन्न करवाई।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने मां दुर्गा की आरती वंदना की तथा छात्राओं ने उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। श्री कृष्ण सेवा दल के प्रधान शिवकुमार गर्ग ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों व प्रतिभागियों को पारितोषिक वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं लेबर इंस्पेक्टर संजय जयश्री ने भारत पब्लिक स्कूल के प्राचार्य राजकुमार वर्मा को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
मंच का संचालन पंडित रोहतास पुजारी ने किया। इस दौरान श्री कृष्ण गौशाला के कर्मचारी, अधिकारी व पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ-साथ विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, संस्कार और सामाजिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ सेवा, सहयोग, अनुशासन और सद्भाव जैसे मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देते हैं। मां दुर्गा की आराधना हमें बुराई पर अच्छाई की विजय, नारी शक्ति के सम्मान और समाज में सकारात्मकता बनाए रखने का संदेश देती है।
Read More….
