Charkhi Dadri News – गांव भैरवी में सीटू और किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया तथा उनके इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों, किसानों और आम जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। सीटू के जिला सह-संयोजक कमलेश भैरवी और किसान सभा के जिला प्रधान रणधीर सिंह कुंगड़ ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव आयोग की जिम्मेदारी निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करना है।
उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त से इस्तीफे की मांग की और कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही तथा पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। दोनों नेताओं ने मजदूरों और किसानों से जुड़े मुद्दों पर बोलते हुए कहा कि देश का मेहनतकश वर्ग अपने अधिकारों, सम्मान और बेहतर भविष्य के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है। मजदूरों की समस्याओं, रोजगार, महंगाई और श्रमिक अधिकारों जैसे सवालों को लेकर जनआंदोलनों को मजबूत करना समय की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि सीटू के आह्वान पर 1 दिसंबर से 3 दिसंबर तक दिल्ली के रामलीला मैदान में लाखों मजदूरों के जुटने की तैयारी है। इस विशाल जुटान के माध्यम से मजदूर वर्ग अपनी मांगों और समस्याओं को बुलंद करेगा। उन्होंने कहा कि मजदूरों की एकजुटता ही उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूती प्रदान करती है और सरकारों को मेहनतकश जनता के मुद्दों पर जवाबदेह बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कमलेश भैरवी और रणधीर सिंह कुंगड़ ने मजदूरों एवं किसानों से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों की रक्षा, जनहित के सवालों और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए संगठित रहें तथा आगामी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करें। इस अवसर पर कविता, सावित्री, बाला, सुशीला, माया, संतरा, संजना, सरोज, जसमा, सुरेश, शमशेर, प्रधान प्रीत, नम्बदार ओमप्रकाश चाहर, रोनक, अक्षय, तन्वी आदि उपस्थित रहे।
Read More….
Charkhi Dadri News – बाजरा बेचने आ रहे किसान जरूर देखें! ₹10 में भोजन-पानी और ठहरने की सुविधा
