Charkhi Dadri News : चरखी दादरी जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान को लेकर चरखी दादरी पुलिस को जनसमर्थन प्राप्त हुआ है।
पुलिस अधीक्षक चरखी दादरी के नेतृत्व में जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों एवं नशीले पदार्थों के कारोबार पर लगातार की जा रही प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप गांव समसपुर के ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के प्रयासों पर विश्वास जताते हुए अपना धरना समाप्त करने की घोषणा की है।
ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई की खुलकर सराहना की तथा भविष्य में भी नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस का सहयोग करने का संकल्प लिया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को पूरी सख्ती के साथ लागू किया जाएगा।
इसी नीति के तहत जिला पुलिस लगातार विशेष अभियान चलाकर नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है।
पिछले कुछ दिनों के दौरान जिला पुलिस की विभिन्न टीमों ने गांव समसपुर, चरखी, रावलधी, रानीला बास, बौंदकला, नीमली तथा जेवली सहित शहर के सैनीपुरा, प्रेमनगर, कबीर नगर और बाल्मिकी बस्ती में विशेष सर्च अभियान चलाए।
इन अभियानों के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों, नशा तस्करों और नशीले पदार्थों की बिक्री एवं सेवन से जुड़े स्थानों की गहन तलाशी ली।
अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों से नशीले पदार्थ बरामद किए गए तथा अवैध नशा कारोबार में शामिल कई आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई।
पुलिस की इस सतत कार्रवाई से नशा तस्करों में भय का माहौल बना है तथा आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हुई है।
गांव समसपुर के ग्रामीण लंबे समय से क्षेत्र में नशे की समस्या को लेकर चिंतित थे और इस संबंध में अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हुए थे।
पुलिस द्वारा लगातार की गई कार्रवाई, सर्च अभियानों तथा नशा तस्करों की गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों ने माना कि पुलिस प्रशासन नशे के खिलाफ गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस की सक्रियता और दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी विश्वास के चलते उन्होंने अपना धरना समाप्त करने का निर्णय लिया।
ग्रामीणों ने जिला पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति या परिवार की नहीं बल्कि पूरे समाज की समस्या है।
इसके समाधान के लिए पुलिस और आमजन को मिलकर कार्य करना होगा। ग्रामीणों ने यह भी आश्वासन दिया कि वे भविष्य में नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों की सूचना पुलिस को देकर अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान देंगे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून लागू करने वाली एजेंसियों की नहीं बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जिला पुलिस युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने, नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा समाज को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या सेवन की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने या युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जिला पुलिस पूरी प्रतिबद्धता और पारदर्शिता के साथ नशा तस्करों के नेटवर्क को समाप्त करने की दिशा में कार्य कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई पर जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है और जिले को नशा मुक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास सफल होते दिखाई दे रहे हैं।
Read More ….
Bhiwani News : भिवानी में महिला थाना SHO रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB ने दबोचा
Charkhi Dadri News : PMT इंडस्ट्री में चोरी की कोशिश नाकाम | दीवार फांदकर घुसे 3 आरोपी गिरफ्तार
